Rewari News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. नारनौल नेशनल हाईवे11 स्थित कुंड बैरियर के पास बने ‘न्यू बीकानेरी रेस्टोरेंट’ में समोसा मिलने में जरा सी देरी क्या हुई, बात इतनी बढ़ गई कि गुस्साए ग्राहक ने अपने साथियों को बुलाकर रेस्टोरेंट मालिक और कर्मचारियों पर जानलेवा हमला कर दिया. इस दौरान आरोपियों ने रेस्टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ भी की. ये पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में साफसाफ रिकॉर्ड हो गई है.

गुरुग्राम जिले के तलपुरी गांव के रहने वाले जतिन कुंड बैरियर के पास न्यू बीकानेरी रेस्टोरेंट चलाते हैं. जतिन के मुताबिक, 6 सितंबर की शाम करीब 5 बजे एक व्यक्ति उनके रेस्टोरेंट पर समोसे का ऑर्डर देने आया था. चूंकि उस समय रेस्टोरेंट में ग्राहकों की काफी भीड़ थी, इसलिए कर्मचारियों ने ऑर्डर तैयार होने में थोड़ा समय लगने की बात कही. जतिन के छोटे भाई अमन ने ग्राहक को यह भी बताया कि उनके यहां होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध नहीं है, लेकिन ग्राहक ने इसके बावजूद समोसे पैक करवाने के लिए कहा.
बहस के बाद रात को साथियों संग लौटा गुस्साए ग्राहक
घटना के शुरुआती दौर में ग्राहक बहस करके वहां से चला गया था, लेकिन बात यहीं खत्म नहीं हुई. जतिन के अनुसार, उसी रात करीब 8 बजे वही व्यक्ति अपने कई अन्य साथियों के साथ दोबारा रेस्टोरेंट पर आ धमका.
आरोपियों ने आते ही अमन के साथ गालीगलौज और मारपीट शुरू कर दी. जब बीचबचाव करने के लिए रेस्टोरेंट के अन्य कर्मचारी आगे आए, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा. कुछ ही देर बाद जब मालिक जतिन भी वहां पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई. इस हिंसक झड़प में जतिन और उनके भाई अमन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
रेस्टोरेंट में तोड़फोड़, CCTV फुटेज में कैद हुई दबंगई
मारपीट करने के बाद आरोपी युवकों ने रेस्टोरेंट के अंदर रखे सामान और काउंटर में जमकर तोड़फोड़ की. जातेजाते वे रेस्टोरेंट को नुकसान पहुंचा गए. गनीमत यह रही कि यह पूरी वारदात रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें हमलावरों की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं.
घटना के बाद पीड़ित संचालक ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. संचालकों का आरोप है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है, जिससे स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में रोष व्याप्त है. पीड़ित ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है.