नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहली बार विदेशी सैन्य विमानों की लैंडिंग हुई है. मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे रूसी सेना के तीन सैन्य विमान एयरपोर्ट के रनवे पर उतरे. इनमें रूसी मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट IL76 भी शामिल है.

बताया जा रहा है कि इन विमानों के जरिए रूसी सेना के अधिकारी और एडवांस टीम भारत पहुंची है. बुधवार को भी तीनों रूसी सैन्य विमान एयरपोर्ट पर मौजूद रहे. एयरपोर्ट की सुरक्षा एजेंसियां और रूसी अधिकारियों की टीम इन विमानों की निगरानी कर रही है.
नोएडा एयरपोर्ट पर विदेशी सैन्य विमानों की यह पहली लैंडिंग है. इससे पहले भारत आने वाले विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और सैन्य विमानों के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का इस्तेमाल प्रमुख रूप से किया जाता रहा है.
नोएडा में उतर सकता है पुतिन का विमान
रूसी सैन्य विमानों के नोएडा एयरपोर्ट पहुंचने को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आगामी भारत दौरे और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि राष्ट्रपति पुतिन का विमान भी नोएडा एयरपोर्ट पर उतर सकता है.
VVIP मूवमेंट की तैयारियों को लेकर हलचल
18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होना है. सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे, जिसमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी शामिल हैं. रूसी सैन्य विमानों की लैंडिंग के बाद नोएडा एयरपोर्ट पर वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारियों को लेकर भी हलचल तेज हो गई है.
जल्द ही इंटरनेशनल उड़ानें शुरू होने की संभावना
नोएडा एयरपोर्ट पर घरेलू उड़ानें शुरू होने के बाद दिसंबर से इंटरनेशनल उड़ानें शुरू होने की संभावना जताई जा रही थी. रूसी सैन्य विमानों की लैंडिंग के बाद अब यहां से जल्दी इंटरनेशनल उड़ानें शुरू होने की बात कही जा रही है.
पीएम मोदी ने किया था एयरपोर्ट का लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को एयरपोर्ट का लोकार्पण किया था. इसी 15 जून से यहां से घरेलू उड़ानें शुरू हुईं थी. फिलहाल 17 शहरों के लिए यहां से विमान उड़ान भरते हैं.