इंग्लैंड क्रिकेट ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। टीम मैनेजमेंट ने अपने सपोर्ट स्टाफ में एक ऐसे दिग्गज को शामिल किया है, जिसका इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार अनुभव रहा है।

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने अगले साल होने वाले 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन को टीम के व्हाइटबॉल सेटअप में खास जिम्मेदारी दी गई है। केविन पीटरसन को इंग्लैंड की व्हाइटबॉल टीम का स्पेशलिस्ट मेंटर नियुक्त किया गया है। वह ब्रेंडन मैक्कुलम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा होंगे और उनकी नई भूमिका इसी महीने के अंत से शुरू हो जाएगी।
Welcome, @KP24! 👋
Full story: https://t.co/qVtdHoXsY3 pic.twitter.com/0sKUuqBw0i
— England Cricket September 7, 2026
पीटरसन की बतौर मेंटर पहली जिम्मेदारी श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीरीज में देखने को मिलेगी। इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच 15 सितंबर से तीन टी20 इंटरनेशनल और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जानी है।
आपको बता दें कि पीटरसन के पास कोचिंग और मेंटरिंग का भी अच्छा अनुभव है। वह आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के साथ कोच और मेंटर की भूमिका निभा चुके हैं। इसके अलावा 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के दौरान उन्होंने कुछ समय के लिए इंग्लैंड की बल्लेबाजी यूनिट के साथ भी काम किया था।
इंग्लैंड की टीम को 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अभी से तैयार करने में पीटरसन का अनुभव काफी काम आ सकता है। खासकर बल्लेबाजों के साथ उनका अनुभव और बड़े मुकाबलों में दबाव से निपटने की उनकी समझ टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए काफी फायदेमंद हो सकती है।
ऐसा रहा केविन पीटरसन का इंटरनेशनल करियर
केविन पीटरसन ने इंग्लैंड के लिए 2004 से 2014 तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेला। इस दौरान उन्होंने तीनों फॉर्मेट में अपनी अलग पहचान बनाई और इंग्लैंड के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रहे। पीटरसन ने इंग्लैंड के लिए 104 टेस्ट, 136 वनडे और 37 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 8181 रन, वनडे में 4440 रन और टी20 इंटरनेशनल में 1176 रन दर्ज हैं।
अब इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के करीब एक दशक बाद पीटरसन फिर से इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ अहम भूमिका में नजर आएंगे।