टोनर आपकी डेली रूटीन की स्किन केयर का एक अहम हिस्सा होता है. इसका मुख्य काम स्किन को टोन करना होता है. दरअसल टोनर चेहरे पर जमा गंदगी के न दिखने वाले कणों को साफ करने के साथ ही पीएच को बैलेंस करने में मदद करता है और पोर्स को भी टाइट करता है. इससे आपकी त्वचा ज्यादा स्मूथ और चमकदार दिखाई देती है. इसे मॉइस्चराइजर से पहले अप्लाई करना होता है. आप इसे घर पर भी बनाकर तैयार कर सकते हैं. चलिए जान लेते हैं 4 तरह के टोनर बनाने का तरीका.

टोनर न सिर्फ स्किन को चमकदार बनाता है बल्कि ये पफीनेस को कम करने में भी मदद करता है और दागधब्बों से लेकर लालिमा जैसी समस्याओं से निजात दिलाने में हेल्पफुल करता है. मार्केट में वैसे तो कई तरह के टोनर मौजूद हैं, लेकिन घर पर अगर आप नेचुरल चीजों से इसे तैयार करते हैं तो इससे किसी तरह का साइड इफेक्ट होने की संभावना भी कम रहती है.
एलोवेरा का टोनर
आप एक लाइट वेट टोनर बनाना चाहते हैं जिसे हर स्किन टाइप पर लगाया जा सकता है तो आप एलोवेरा जेल 1 चम्मच और 1 विटामिन ई का कैप्सूल. इसी के साथ 2 बड़े चम्मच शुद्ध गुलाब जल ले लें. सारी चीजों को अच्छी तरह से मिलाकर एक सिंपल या स्प्रे बोतल में भरकर स्टोर कर लें. यूज करने से पहले हर बार इसे शेक करें. ध्यान रखें कि मार्केट से कोई अच्छा एलोवेरा जेल खरीदें, क्योंकि इसे मिक्स करना आसान रहता है.
ग्रीन टी का टोनर
अगर स्किन ऑयली है तो आप ग्रीन टी का टोनर बनाएं. इसके लिए ग्रीन टी को उबाल लें या फिर ग्रीन टी बैग को गर्म पानी में डालकर रखें. इस पानी के ठंडे हो जाने के बाद इसे या तो सीधे अप्लाई करने के लिए स्टोर कर सकते हैं या फिर आधी मात्रा में गुलाब जल मिला लें. बस तैयार है आपका टोनर.
टी ट्री ऑयल का टोनर
त्वचा के लिए टी ट्री ऑयल बेहद फायदेमंद रहता है, लेकिन ये काफी स्ट्रॉन्ग होता है और इस वजह से सीधे त्वचा पर अप्लाई नहीं करना चाहिए. तकरीबन 50 मिली शुद्ध गुलाब जल में 45 बूंद टी ट्री ऑयल मिलाएं. ये पिंपल्स पैदा करने वाले बैक्टीरिया को खत्म करने में भी मदद करता है. इसी के साथ स्किन को सूदिंग इफेक्ट देता है.
एप्पल साइडर विनेगर का टोनर
आप एप्पल साइडर विनेगर से भी टोनर बना सकते हैं, लेकिन ये भी काफी स्ट्रॉन्ग होता है. यही वजह है कि इसे सीधे अप्लाई न करें और पहले पैच टेस्ट जरूर करना चाहिए. एप्पल साइडर विनेगर का एक बड़ा चम्मच लेकर इसमें 3 बड़े चम्मच फिल्टर वाटर मिलाएं और 4 बूंद टी ट्री एसेंशियल मिलाएं. ये सीबम को कंट्रोल करता है, जिससे त्वचा तैलीय नहीं रहती है और पिंपल्स भी नहीं होते हैं.