नई कार खरीदना सिर्फ पसंदीदा मॉडल चुनने का मामला नहीं है. अगर आप सही समय पर कार खरीदते हैं तो आपको डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और दूसरे फायदे मिल सकते हैं. कार कंपनियां और डीलर अलगअलग मौकों पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ऑफर देते हैं. सवाल उठता है कि कार खरीदने का सही वक्त क्या है? खरीदारों को मंथ एंड, ईयर एंड या फेस्टिव सीजन कब ज्यादा डिस्काउंट मिल सकता है?

महीने का आखिरी समय, फेस्टिव सीजन और ईयर एंडिंग कार खरीदने के लिए तीन ऐसे मौके हैं जब बेहतर डील मिलने की संभावना रहती है. हालांकि, हर समय के अपने फायदे और नुकसान हैं.
महीने के आखिर में कार खरीदना
अगर आपने कार का मॉडल और वेरिएंट पहले से तय कर लिया है तो महीने के आखिरी कुछ दिन आपके लिए फायदेमंद हो सकते हैं. इसकी वजह डीलर का मंथली सेल्स टारगेट है. अगर डीलर अपने टारगेट के करीब है तो वह एक और कार बेचने के लिए आपको अच्छा डिस्काउंट या दूसरे फायदे दे सकता है. ऐसे में आप कीमत को लेकर अच्छी बातचीत कर सकते हैं. हालांकि, हर डीलर महीने के अंत में डिस्काउंट देगा, यह जरूरी नहीं है. आपके पसंदीदा कलर या वेरिएंट का स्टॉक भी खत्म हो सकता है.
फेस्टिव सीजन में मिलते हैं कई ऑफर
नवरात्रि, दशहरा और दिवाली के दौरान कारों की बिक्री बढ़ जाती है. इस समय कंपनियां नए मॉडल, स्पेशल एडिशन और एक्सेसरीज के साथ कई तरह के ऑफर लेकर आती हैं. डीलर की तरफ से कैश डिस्काउंट और एक्सचेंज बोनस भी दिया जा सकता है. इस दौरान कारों की उपलब्धता आमतौर पर अच्छी रहती है. लेकिन ज्यादा मांग के कारण लोकप्रिय मॉडल के कुछ वेरिएंट पर वेटिंग पीरियड बढ़ सकता है. हर कार पर सबसे ज्यादा डिस्काउंट मिलेगा, यह भी जरूरी नहीं है.
दिसंबर में मिल सकता है सबसे बड़ा डिस्काउंट
अगर आपका मुख्य लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा पैसे बचाना है तो दिसंबर कार खरीदने के लिए सबसे अच्छा समय हो सकता है. साल के अंत में डीलर पुराना स्टॉक खत्म करना चाहते हैं. वहीं कार कंपनियां अपना सालाना बिक्री टारगेट पूरा करने की कोशिश करती हैं. इसलिए इस समय डिस्काउंट और दूसरे ऑफर काफी आकर्षक हो सकते हैं. हालांकि, दिसंबर में खरीदी गई कार का मैन्युफैक्चरिंग ईयर पुराना हो सकता है. इसका असर भविष्य में कार की रीसेल वैल्यू पर पड़ सकता है. इसके अलावा पसंदीदा कलर और वेरिएंट का स्टॉक भी सीमित हो सकता है.
तो कार खरीदने का सबसे अच्छा समय कौन सा?
अगर सबसे ज्यादा डिस्काउंट चाहिए तो साल का अंत यानी दिसंबर बेहतर है. अच्छे ऑफर के साथ ज्यादा विकल्प और बेहतर उपलब्धता चाहिए तो फेस्टिव सीजन अच्छा समय है. वहीं अगर आपने कार और वेरिएंट पहले से तय कर लिया है और कीमत पर अच्छी बातचीत करना चाहते हैं तो महीने का आखिरी हफ्ता आपके लिए फायदेमंद हो सकता है.