आजकल पैसे बचाने और उसे सही जगह लगाने के तरीकों में काफी बदलाव आया है. अब लोग पुरानी सेविंग स्कीम की बजाय म्यूचुअल फंड्स की तरफ ज्यादा जा रहे हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह SIP यानी सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान है. SIP ने निवेश को इतना आसान बना दिया है कि कोई भी अपनी जेब और सहूलियत के हिसाब से हर महीने पैसे जमा कर सकता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें कोई बंदिश नहीं है, जरूरत पड़ने पर आप अपना पैसा आसानी से निकाल भी सकते हैं.

अच्छे रिटर्न ने बढ़ाया SIP का क्रेज
म्यूचुअल फंड की SIP में लोगों का भरोसा बढ़ने की असली वजह इससे मिलने वाला शानदार रिटर्न है. जिन लोगों ने लंबे समय तक इसमें लगातार पैसा लगाया, उन्होंने अपने लिए एक बड़ा फंड तैयार किया है. आजकल तो लोग अपने भविष्य और रिटायरमेंट तक की प्लानिंग इसी के जरिए कर रहे हैं. बाजार के जानकारों का भी यही मानना है कि म्यूचुअल फंड में अगर लंबे समय के लिए पैसा लगाया जाए, तो मुनाफा काफी अच्छा होता है.
5000 रुपये महीने के निवेश की ताकत
इसे एक आम नौकरीपेशा इंसान के नजरिए से समझते हैं. मान लीजिए, आप हर महीने अपनी सैलरी से 5000 रुपये बचाकर उसे म्यूचुअल फंड की SIP में लगाते हैं. अगर आप लगातार 10 साल तक बिना रुके यह निवेश करते हैं, तो यह छोटी सी रकम एक बहुत बड़ा फंड बन सकती है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, म्यूचुअल फंड में लंबे समय के निवेश पर कम से कम 12 फीसदी का सालाना रिटर्न औसतन मिल जाता है. यह कोई हवाई बात नहीं है, बल्कि पिछले कई सालों के बाजार के रिकॉर्ड पर आधारित है.
10 साल में तैयार होगा 11 लाख का बैलेंस
चलिए इसका गणित समझते हैं. अगर आप हर महीने 5000 रुपये जमा करते हैं, तो 10 साल में आपकी जेब से कुल 6 लाख रुपये का निवेश होगा. अब अगर इस पर हर साल 12 फीसदी का रिटर्न मानकर चलें, तो 10 साल बाद यह रकम बढ़कर 11,20,179 रुपये हो जाएगी. यानी आपके लगाए हुए 6 लाख रुपये पर आपको 5,20,179 रुपये का सीधा फायदा मिलेगा.
निवेश बढ़ाते रहने पर मिलेगा 16 लाख का फंड
इस फंड को और भी बड़ा बनाया जा सकता है. जैसेजैसे आपकी नौकरी में हर साल इंक्रीमेंट होता है या आपकी कमाई बढ़ती है, वैसेवैसे आप अपनी SIP की रकम भी बढ़ा सकते हैं. अगर आप हर साल अपने 5000 रुपये के निवेश में सिर्फ 10 फीसदी का इजाफा करते जाएं , तो यह आपकी जेब पर भारी भी नहीं पड़ेगा. इस छोटे से बदलाव का असर यह होगा कि 10 साल बाद आपका यही फंड बढ़कर 16,34,449 रुपये हो जाएगा.