शरीर को स्वस्थ रखने के लिए कई तरह के विटामिन्स और मिनरल्स की जरूरत होती है. इन्हीं में से एक है आयोडीन, जो शरीर के लिए जरूरी मिनरल माना जाता है. यह थायरॉयड हार्मोन बनाने में मदद करता है, जिससे थायरॉयड ग्लैंड सही तरीके से काम कर पाती है. आयोडीन शरीर की ग्रोथ, दिमाग के विकास, मेटाबॉलिज्म, शरीर की एनर्जी बनाए रखने और कई जरूरी प्रक्रियाओं के लिए अहम भूमिका निभाता है. इसलिए शरीर में इसकी पर्याप्त मात्रा होना जरूरी माना जाता है.

अगर शरीर में लंबे समय तक आयोडीन की कमी हो जाए, तो से जुड़ी कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. प्रेग्नेंट महिलाओं, ब्रेस्ट फीडिंग कराने वाली महिलाओं, आयोडीन की कमी वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और जो लोग आयोडीन युक्त नमक का इस्तेमाल नहीं करते, उनमें इसकी कमी का खतरा ज्यादा हो सकता है. खासकर प्रेग्नेंसी और बचपन में इसकी कमी ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती है. आइए जानते हैं आयोडीन की कमी से शरीर पर क्या असर पड़ सकता है, इसके कौनसे संकेत नजर आते हैं और इसकी कमी पूरी करने के लिए क्या खाना चाहिए.
आयोडीन की कमी से शरीर पर क्या असर पड़ सकता है?
आयोडीन की कमी होने पर शरीर पर्याप्त मात्रा में थायरॉयड हार्मोन नहीं बना पाता. इसकी वजह से थायरॉयड ग्लैंड का आकार बढ़ सकता है, जिसे घेंघा यानी गोइटर कहा जाता है. इसके अलावा, हाइपोथायरॉयडिज्म की समस्या हो सकती है, जिसमें शरीर की कई प्रक्रियाएं धीमी पड़ जाती हैं. इसकी वजह से थकान, वजन बढ़ना, ठंड ज्यादा लगना और काम करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है.
प्रेग्नेंसी में आयोडीन की कमी होने पर गर्भ में पल रहे बच्चे के दिमाग और शरीर के विकास पर भी असर पड़ सकता है. छोटे बच्चों में इसकी कमी शारीरिक और मानसिक विकास में रुकावट का कारण बन सकती है. इसलिए शरीर में आयोडीन की पर्याप्त मात्रा होना बहुत जरूरी माना जाता है.
आयोडीन की कमी के कौनसे संकेत नजर आ सकते हैं?
आयोडीन की कमी होने पर गर्दन के सामने वाले हिस्से में सूजन दिखाई दे सकती है, क्योंकि थायरॉयड ग्लैंड का आकार बढ़ सकता है. इसके अलावा, थकान, कमजोरी, वजन बढ़ना, ठंड ज्यादा लगना, त्वचा का रूखी होना, बाल झड़ना, कब्ज और ध्यान लगाने में परेशानी जैसे संकेत भी नजर आ सकते हैं. बच्चों में इसकी कमी ग्रोथ और सीखने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है.
हालांकि, ये लक्षण दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से भी हो सकते हैं. इसलिए ऐसे संकेत दिखाई दें, तो डॉक्टर से सलाह लेकर सही कारण का पता करना जरूरी है.
आयोडीन की कमी पूरी करने के लिए क्या खाएं?
आयोडीन की कमी पूरी करने के लिए आयोडीन युक्त नमक का इस्तेमाल करें. इसके अलावा, दूध, दही, पनीर, अंडे और फिश से भी आयोडीन मिल सकता है. अगर आप शाकाहारी हैं, तो आयोडीन युक्त नमक और डेयरी चीजों से इसकी जरूरत पूरी करने में मदद मिल सकती है.
बिना डॉक्टर की सलाह के आयोडीन के सप्लीमेंट्स लेने से बचें, क्योंकि जरूरत से ज्यादा आयोडीन भी थायरॉयड की परेशानी बढ़ा सकता है. संतुलित खानपान के जरिए इसकी जरूरत पूरी करना बेहतर माना जाता है.