कई लोगों को चॉकलेट खाना पसंद होता है. हालांकि, सभी तरह की चॉकलेट एक जैसी नहीं होती. डार्क चॉकलेट को दूसरी चॉकलेट की तुलना में ज्यादा हेल्दी माना जाता है. इसमें आयरन, मैग्नीशियम, कॉपर, मैंगनीज, फाइबर और फ्लेवोनॉइड्स जैसे एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचा सकते हैं.

डार्क में मौजूद पोषक तत्व शरीर की कई जरूरी प्रक्रियाओं में मदद करते हैं, लेकिन इसका फायदा तभी मिलता है, जब इसे सही तरीके से चुना और संतुलित मात्रा में खाया जाए. साथ ही, कुछ लोगों को इसे खाते समय खास सावधानी बरतने की जरूरत हो सकती है. आइए जानते हैं डार्क चॉकलेट खाने से सेहत को क्या फायदे मिलते हैं, इसे खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और किन लोगों को इसे खाते समय सावधानी बरतनी चाहिए.
डार्क चॉकलेट खाने से सेहत को क्या फायदे मिलते हैं?
डार्क चॉकलेट में फ्लेवोनॉइड्स नाम के एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर के सेल्स को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद करते हैं. इसमें मौजूद आयरन शरीर में रेड ब्लड सेल्स बनने में सहायक होता है, जबकि मैग्नीशियम मांसपेशियों, नसों और शरीर की कई अहम प्रक्रियाओं के लिए जरूरी माना जाता है. कॉपर और मैंगनीज भी शरीर को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं.
डार्क चॉकलेट में फाइबर भी होता है, जो पाचन के लिए फायदेमंद हो सकता है. कुछ शोध बताते हैं कि इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट दिल की सेहत का ध्यान रखने, ब्लड फ्लो बेहतर बनाने और ब्लड प्रेशर को स्वस्थ स्तर पर बनाए रखने में मदद कर सकते हैं. इसलिए दूसरी चॉकलेट की तुलना में ज्यादा कोको वाली डार्क चॉकलेट को बेहतर विकल्प माना जाता है.
डार्क चॉकलेट खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?
डार्क चॉकलेट खरीदते समय उसके लेबल को ध्यान से पढ़ें. ऐसी डार्क चॉकलेट चुनें, जिसमें कम से कम 70% कोको हो. कोशिश करें कि उसमें चीनी की मात्रा कम हो.
अगर किसी चॉकलेट में चीनी या दूसरे मीठे पदार्थ बहुत ज्यादा हों, तो उसके स्वास्थ्य फायदे कम हो सकते हैं. साथ ही, अच्छी गुणवत्ता वाली डार्क चॉकलेट चुनें और जरूरत से ज्यादा मात्रा में खाने से बचें. संतुलित खानपान के साथ ही डार्क चॉकलेट को डाइट का हिस्सा बनाना बेहतर माना जाता है.
किन लोगों को डार्क चॉकलेट खाते समय सावधानी बरतनी चाहिए?
डायबिटीज से जूझ रहे लोगों, जिन लोगों को कैफीन से परेशानी होती है और माइग्रेन की समस्या वाले लोगों को डार्क चॉकलेट खाते समय सावधानी बरतनी चाहिए. अगर किसी व्यक्ति को चॉकलेट में मौजूद किसी चीज से एलर्जी है, तो उसे इसका सेवन नहीं करना चाहिए.
इसके अलावा, अगर किसी खास स्वास्थ्य समस्या की वजह से डॉक्टर ने चॉकलेट खाने से मना किया है, तो उनकी सलाह का पालन करें. अगर डार्क चॉकलेट खाने के बाद कोई परेशानी महसूस हो, तो इसे खाना बंद करें और डॉक्टर से सलाह लें.