फॉरेक्स रिजर्व को लेकर लगातार तीसरे हफ्ते गुड न्यूज मिली है. देश के खजाने में लगातार तीसरे हफ्ते विदेशी मुद्रा में इजाफा हुआ है. इन हफ्तों में फॉरेक्स रिजर्व में 9.31 बिलियन डॉलर का इजाफा देखने को मिल चुका है. अगर बात लेटेस्ट हफ्ते की करें तो 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा की बढ़ोतरी देखने को मिली है.

खास बात तो ये है कि गोल्ड रिजर्व की वैल्यू में करीब 3.50 बिलियन डॉलर की गिरावट आई है. जबकि असेट्स में 4.50 बिलियन डॉलर से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला है. अगर गोल्ड रिजर्व की वैल्यू में गिरावट ना आई होती तो फॉरेक्स रिजर्व में इजाफा इससे कहीं ज्यादा देखने को मिलता. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर आरबीआई की ओर से फॉरेक्स रिजर्व को लेकर किस तरह का आंकड़ा सामने रखा है…
फॉरेक्स रिजर्व में इजाफा
शुक्रवार को जारी RBI के डेटा के अनुसार, 17 जुलाई को खत्म हुए हफ्ते में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हो गया. इससे पहले वाले हफ़्ते में, कुल विदेशी मुद्रा भंडार 964 मिलियन डॉलर बढ़कर 675.157 अरब डॉलर हो गया था. इस साल 27 फरवरी को खत्म हुए हफ़्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 728.494 अरब डॉलर के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था. इसके बाद मिडिल ईस्ट में संघर्ष शुरू होने और रुपये पर दबाव पड़ने के कारण कई हफ़्तों तक इसमें गिरावट आई और RBI को डॉलर बेचकर विदेशी मुद्रा बाज़ार में दखल देना पड़ा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 11 मई से देशवासियों से कई बार अपील की है कि वे विदेशी यात्रा कम करके, ईंधन का इस्तेमाल सीमित करके और एक साल तक सोना न खरीदकर विदेशी मुद्रा बचाएं. वैसे फॉरेक्स रिजर्व में लगातार तीसरे हफ्ते इजाफा देखने को मिला था. 3 जुलाई को आई आरबीआई की रिपोर्ट के अनुसार देश का फॉरेक्स रिजर्व 666.93 अरब डॉलर था. जिसमें अब तक 9.31 अरब डॉलर का इजाफा देखने को मिल चुका है.
गोल्ड रिजर्व की वैल्यू में बड़ी कमी
केंद्रीय बैंक के डेटा के अनुसार, 17 जुलाई को खत्म हुए हफ़्ते में विदेशी मुद्रा भंडार का एक बड़ा हिस्सा, विदेशी मुद्रा संपत्ति , 4.549 अरब डॉलर बढ़कर 551.057 अरब डॉलर हो गई. डॉलर के हिसाब से, विदेशी मुद्रा संपत्ति में विदेशी मुद्रा भंडार में रखी गैरअमेरिकी करेंसी, जैसे यूरो, पाउंड और येन की कीमत में उतारचढ़ाव का असर भी शामिल होता है. RBI ने कहा कि इस हफ़्ते सोने के भंडार की कीमत 3.48 अरब डॉलर घटकर 101.749 अरब डॉलर हो गई. शीर्ष बैंक ने कहा कि स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स 44 मिलियन डॉलर बढ़कर 18.67 अरब डॉलर हो गए. शीर्ष बैंक के डेटा के अनुसार, रिपोर्टिंग हफ़्ते के आखिर में IMF के पास भारत की रिज़र्व स्थिति 32 मिलियन डॉलर घटकर 4.761 अरब डॉलर हो गई.