Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. अकथा गांव में एक युवक पर आरोप है कि उसने डेढ़ महीने की मासूम बच्ची को गोद में लेने के बाद अचानक जमीन पर पटक दिया. युवक ने कहा कि भगवान ने उससे ऐसा करने के लिए कहा है. भगवान ने कहा है कि उन्हें बलि चाहिए. घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और बच्ची को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

गोद में लेने के बाद अचानक हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है. अकथा गांव निवासी राजेश वनवासी के घर पर पड़ोस में रहने वाला विकास यादव पहुंचा था. उस समय घर के बुजुर्ग सदस्य की गोद में डेढ़ महीने की बच्ची सो रही थी. परिजनों के अनुसार, विकास ने बच्ची को खिलाने के लिए अपनी गोद में लेने की इच्छा जताई.
ये भी पढे़ं-
पड़ोसी होने के कारण परिजनों को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ और बच्ची को उसकी गोद में दे दिया गया. आरोप है कि बच्ची को गोद में लेने के कुछ ही क्षण बाद विकास ने अचानक उसे जमीन पर पटक दिया और फिर कुछ सेकंड के भीतर दोबारा ऐसा किया.
Khabar Monkey
परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना होते ही घर में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों ने तुरंत आरोपी युवक को पकड़ लिया और बच्ची को लेकर अस्पताल की ओर दौड़े. इसके साथ ही डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को भी सूचना दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को अपने कब्जे में ले लिया.
पूछताछ में कही चौंकाने वाली बात
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी युवक ने कथित तौर पर कहा कि उसे ऐसा करने के लिए ‘भगवान ने कहा था’. भगवान ने कहा था कि मुझे बलि चाहिए. हालांकि पुलिस फिलहाल उसके बयान और मानसिक स्थिति दोनों पहलुओं की जांच कर रही है. मामले को लेकर एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि बच्ची का अस्पताल में इलाज जारी है. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आरोपी युवक मानसिक रूप से अस्थिर या परेशान प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने आरोपी विकास यादव के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.












