भारत और अफगानिस्तान के बीच में न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले के दूसरे दिन के खेल का अंत होने पर भारतीय टीम की स्थिति काफी मजबूत थी। टीम इंडिया ने दूसरे दिन के खेल में जहां अपनी पहली पारी को 564 रन बनाकर घोषित कर दिया तो वहीं दिन का खेल खत्म होने पर अफगानिस्तान ने अपनी पहली पारी में 113 रनों के स्कोर तक 5 विकेट गंवा दिए थे। टीम इंडिया की तरफ से दूसरे दिन के खेल में सबसे बड़े हीरो डेब्यू मुकाबला खेल रहे बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज मानव सुथार रहे जिन्होंने 15.5 ओवर्स की गेंदबाजी में कुल 3 विकेट हासिल किए। वहीं मानव सुथार ने अपने पहले ही ओवर में विकेट हासिल करने के साथ खुद को एक खास लिस्ट का भी हिस्सा बना लिया।
Khabar Monkey

टेस्ट में पहले ओवर में विकेट लेने मानव बने 8वें भारतीय गेंदबाज
अफगानिस्तान के खिलाफ इस टेस्ट मुकाबले में टीम इंडिया के कुछ सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है, जिसमें एक नाम स्टार स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा का भी शामिल है। ऐसे में प्लेइंग 11 में उनकी जगह पर पहली बार भारतीय टीम का हिस्सा बने मानव सुथार को शामिल किया गया, जिन्होंने पहले बल्लेबाजी में मौका मिलने पर 41 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली तो वहीं इसके बाद गेंदबाजी में उन्होंने कमाल दिखाया। मानव सुथार को जब पारी के छठे ओवर में पहली बार गेंदबाजी के लिए लाया गया तो उन्होंने चौथी गेंद पर अफगानिस्तान टीम के ओपनिंग बल्लेबाज अब्दुल मलिक को 16 के निजी स्कोर पर अपना शिकार बनाने के साथ खुद को एक खास लिस्ट का भी हिस्सा बना लिया। मानव सुथार अब टेस्ट डेब्यू मैच में अपने पहले ओवर में विकेट लेने वाले 8वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा 25 साल बाद कोई भारतीय गेंदबाज टेस्ट में डेब्यू करते हुए पहले ओवर में विकेट लेने में कामयाब हो सका है।
डेब्यू टेस्ट मैच में पहले ओवर में विकेट लेने वाले भारतीय खिलाड़ी
- मोंटू बनर्जी – बनाम वेस्टइंडीज (साल 1948, पहले ओवर की 5वीं गेंद)
- मनोहर हार्दिकर – बनाम वेस्टइंडीज (साल 1958, पहले ओवर की तीसरी गेंद)
- वमन कुमार – बनाम पाकिस्तान (साल 1961, पहले ओवर की छठी गेंद)
- चेतन शर्मा – बनाम पाकिस्तान (साल 1984, पहले ओवर की 5वीं गेंद)
- डब्ल्यूवी रमन – बनाम वेस्टइंडीज (साल 1988, पहले ओवर की चौथी गेंद)
- नीलेश कुलकर्णी – बनाम श्रीलंका (साल 1997, पहले ओवर की पहली गेंद)
- टीनू योहानन – बनाम इंग्लैंड (साल 2001, पहले ओवर की चौथी गेंद)
- मानव सुथार – बनाम अफगानिस्तान (साल 2026, पहले ओवर की चौथी गेंद)
गिल-राहुल ने खेली शतकीय पारी, सुदर्शन-पंत और सुंदर ने लगाया अर्धशतक
मुल्लांपुर टेस्ट मैच में टीम इंडिया को 564 रनों के बड़े स्कोर तक पहुंचाने में कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल की शतकीय पारी के अलावा साई सुदर्शन, ऋषभ पंत और वाशिंगटन सुंदर की अर्धशतकीय पारियों ने भी अहम भूमिका अदा की। गिल ने पहली पारी में जहां 126 रन बनाए तो वहीं राहुल ने 100 रनों की पारी खेली। सुदर्शन और पंत ने 81-81 रनों की पारी खेली। वहीं सुंदर के बल्ले से नाबाद 52 रनों की पारी देखने को मिली।












