Viral

क्रिकेट मैच बना जानलेवा, हार से गुस्साए दो भाईयों ने विजेता खिलाड़ी के सर पर मारा बैट, इलाज के दौरान मौत

क्रिकेट मैच में हार-जीत को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया। विजेता टीम के खिलाड़ी पर बैट से हमला किए जाने के बाद गंभीर रूप से घायल युवक ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

मैच जीतने के बाद हुआ विवाद

24 वर्षीय राशिद गुरुवार सुबह गांव में क्रिकेट मैच खेलने गया था। मैच में उसकी टीम विजयी रही। घर लौटते समय हार-जीत को लेकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि पराजित टीम के खिलाड़ी सुहेल और उसके भाई साहिल ने राशिद पर हमला कर दिया।

बैट से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल हुआ राशिद

बताया गया कि पहले राशिद के घुटने पर क्रिकेट बैट से वार किया गया। दर्द से झुकने पर उसके सिर पर भी बैट से हमला किया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

अस्पतालों में चला इलाज, नहीं बच सकी जान

घटना के बाद स्वजन राशिद को मेडिसिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे सोनीपत रेफर कर दिया गया। बाद में शुक्रवार को उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मृतक के पिता शकूर ने सुहेल और साहिल के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। राशिद शादीशुदा था और उसका एक वर्ष का बेटा है। कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपित सुहेल को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply