पटना। राजधानी के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग के बाहर फायरिंग मामले में आरोपित किए गए फैजल खान उर्फ खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। इस बीच यूपी के देवरिया स्थित उनके पैतृक गांव भाटपाररानी में भी उन्हें लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
Khabar Monkey

एक न्यूज चैनल से बातचीत में गांव के कुछ लोगों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने उनके व्यवहार, जमीन विवाद और स्थानीय मामलों में हस्तक्षेप को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सफलता मिलने के बाद बदल गया व्यवहार
लोगों का कहना है कि लोकप्रियता और सफलता मिलने के बाद उनके स्वभाव में बदलाव आया है। स्थानीय पार्षद आदित्य सिंह ने आरोप लगाया कि मोहल्ले में नाला निर्माण के दौरान खान सर ने विवाद किया था।
उनके हस्तक्षेप के बाद प्रशासनिक स्तर पर निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि रास्ते और भूमि से जुड़े विवादों को लेकर मोहल्ले के कई परिवारों के साथ उनका मतभेद रहा है। पड़ोसी अशोक सिंह ने आरोप लगाया कि रास्ते और बाउंड्री को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है तथा उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा।
तीन मंजिला मकान के ढांचे पर भी विवाद
विवाद को और हवा तब मिली जब खान सर के रिश्ते में चाचा लगने वाले इमरान ने उनके खिलाफ तीखी टिप्पणियां कीं। उनपर झूठ फैलाने का आरोप तक लगाया।
उन्होंने खान सर पर लोकप्रियता का दुरुपयोग करने, सफलता के आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने और विरोधियों को दबाने जैसे आरोप लगाए। नटवरलाल भी बता दिया। इमरान ने यहां तक दावा किया कि कोचिंग संस्थान पर हुई फायरिंग की घटना की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। गांव के लोगों के अनुसार, खान सर अब बहुत कम ही अपने पैतृक गांव आते हैं।
उन्होंने वहां एक तीन मंजिला मकान बनवाया है, जिसके आसपास बुनियादी ढांचा विकास कार्यों को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं। उधर पटना में कोचिंग संस्थान विवाद और कथित फायरिंग मामले की जांच जारी है। पुलिस एफआईआर दर्ज होने के बाद विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।












