उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के अंबेहटापीर में 1 जून को कॉस्मेटिक व्यापारी की पत्नी पूनम मित्तल हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. इस वारदात ने रिश्तों और भरोसे को भी शर्मसार कर दिया है, जिस युवक को मृतका अपने परिवार जैसा मानती थीं और जो उन्हें चाची कहकर पुकारता था. उसी ने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और पहचान उजागर होने के डर से बड़ी बेरहमी से उनकी हत्या कर दी.

पुलिस के अनुसार, जून 2026 को थाना नकुड़ क्षेत्र के कस्बा अंबेहटापीर में रहने वाली करीब 60 वर्षीय पूनम मित्तल अपने घर में मृत अवस्था में मिली थीं. बदमाशों ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया था और उनके कानों से कुंडल भी लूट लिए थे. घटना की सूचना मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. मृतका के पति संजय मित्तल की तहरीर पर थाना नकुड़ में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी. पुलिस की 6 टीम इस पूरे खुलासे में लगाई गई थीं. शुरुआती जांच में ही पुलिस को लगा था कि इस हत्याकांड में किसी परिचित का ही हाथ है.
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा
SSP सहारनपुर अभिनंदन द्वारा बनाई गई टीम लगातार आरोपियों की तलाश में लगी थी. थाना नकुड़ पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम को मामले के खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी गई. कई दिनों तक तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच करने के बाद पुलिस ने देर रात एक आरोपी अंकुर गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से घटना से संबंधित एक कुंडल भी बरामद किया है. अंकुर ने पुलिस को बताया कि इस वारदात को अंजाम देने में उसका एक साथी सलमान भी उसके साथ शामिल है. पुलिस ने सलमान को भी तलाशना शुरू कर दिया और आज सुबह ही सलमान को पुलिस ने नकुड़ इलाके में ही एनकाउंटर में घायल कर गिरफ्तार कर लिया. सलमान के पास से भी पुलिस ने कुछ जेवर और हथियार बरामद किए हैं.
Khabar Monkey
पूछताछ में बताया सच
पूछताछ में आरोपी अंकुर गुप्ता ने जो कहानी बताई, उसने सभी को हैरान कर दिया. आरोपी ने बताया कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और उस पर काफी कर्ज हो चुका था. उसने अपने दोस्त सलमान से भी करीब डेढ़ लाख रुपये उधार लिए हुए थे. लगातार कर्जदारों के दबाव और पैसों की जरूरत के कारण उसने अपने दोस्त सलमान के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई.
अंकुर ने पुलिस को बताया कि संजय मित्तल उसके पड़ोसी हैं और वह जानता था कि उनका कॉस्मेटिक का अच्छा कारोबार है. उसे यह भी जानकारी थी कि दिन में अक्सर पूनम मित्तल घर में अकेली रहती हैं और किसी अनजान व्यक्ति के लिए दरवाजा नहीं खोलतीं. चूंकि उसका उनके घर आना-जाना था और वह उसे पहचानती थीं, इसलिए उसने इसी भरोसे का फायदा उठाने की योजना बनाई.
प्लान बनाकर घटना को दिया अंजाम
योजना के तहत 1 जून की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अंकुर और उसका साथी सलमान संजय मित्तल के घर पहुंचे. दोनों पहली मंजिल पर लगे जालीदार गेट तक पहुंचे, जो अंदर से बंद था. अंकुर ने “चाची-चाची” कहकर आवाज लगाई और बहाना बनाया कि उनकी गेंद छत पर चली गई है. पहचान होने के कारण पूनम मित्तल ने बिना किसी शक के गेट खोल दिया.
गेट खुलते ही दोनों आरोपियों ने उन्हें पकड़कर कमरे में ले गए और घर में रखी नकदी तथा कीमती सामान के बारे में पूछताछ करने लगे. जब उन्हें कोई बड़ी रकम या सामान नहीं मिला तो उन्होंने अलमारी खंगालनी शुरू कर दी. इसी दौरान दोनों ने महिला के कानों से कुंडल निकालने का प्रयास किया. विरोध करने और शोर मचाने पर उन्हें डर हो गया कि महिला उन्हें पहचान चुकी है और पुलिस तक उनका नाम पहुंच जाएगा.
महिला का रेत दिया था गला
पुलिस के अनुसार इसके बाद दोनों ने बेहद खौफनाक फैसला लिया. अंकुर ने महिला के हाथ पकड़ लिए जबकि उसके साथी सलमान ने अपने साथ लाए चाकू से उनका गला रेत दिया. वारदात के दौरान काफी खून बहा और आरोपी के कपड़ों पर भी खून लग गया. हत्या करने के बाद दोनों आरोपी महिला के कानों से कुंडल लेकर मौके से फरार हो गए थे. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है.












