दिग्गज फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का आज 4 जून को मुंबई में निधन हो गया। उन्होंने 76 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। बताया जा रहा है कि फिल्ममेकर पिछले काफी समय से अस्वस्थ थे और लिवर से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे थे। वह मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे, जहां गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। बता दें कि उनका अंतिम संस्कार मुंबई के सांता क्रूज स्थित श्मशान घाट में आज दोपहर 3 बजे किया जाएगा।
Khabar Monkey

प्रोड्यूसर पहलाज निहलानी की फिल्में
पहलाज निहलानी दशकों से बॉलीवुड में एक जाना-पहचाना नाम रहे। उन्होंने एक प्रोड्यूसर के तौर पर अपना सफल करियर बनाया। दिग्गज फिल्ममेकर ने अपने करियर में कई लोकप्रिय फिल्में दीं, जिनमें ‘आँखें’, ‘शोला और शबनम’, ‘इल्जाम’, ‘अंदाज’, ‘तलाश’, ‘रंगीला राजा’ और ‘जूली 2’ समेत कई नाम शामिल हैं। खास बात यह रही कि अभिनेता गोविंदा के साथ उनकी लंबी और सफल साझेदारी रही। गोविंदा के करियर की शुरुआती बड़ी हिट फिल्मों को समर्थन देने में निहलानी की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।
सीबीएफसी के अध्यक्ष भी रहे पहलाज निहलानी
फिल्म निर्माण के अलावा पहलाज निहलानी 2015 से 2017 तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष भी रहे। उनके कार्यकाल के दौरान कई फिल्मों को लेकर लिए गए फैसलों ने काफी चर्चा बटोरी। सेंसरशिप, रचनात्मक स्वतंत्रता और भारतीय सिनेमा में सेंसर बोर्ड की भूमिका जैसे मुद्दों पर फिल्म इंडस्ट्री और आम लोगों के बीच बड़ी बहस छिड़ गई थी।












