पाकिस्तान के कप्तान और तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में बेहतरीन गेंदबाजी की। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में उन्होंने अपने 8 ओवरों में सिर्फ 36 रन खर्च करते हुए 3 खिलाड़ियों को आउट किया। दूसरे वनडे मैच में शाहीन ने मुकाबले की पहली ही गेंद पर एलेक्स कैरी को आउट कर दिया था। पहली गेंद पर विकेट चटकाते ही उन्होंने पाकिस्तानी कप्तानों की एक बेहद खास लिस्ट में अपनी जगह बना ली। बता दें कि इस मैच में उन्होंने एलेक्स कैरी, मैथ्यू कुहनेमन और नाथन एलिस को पवेलियन का रास्ता दिखाया।

ऐसा करने वाले तीसरे पाकिस्तानी कप्तान बने अफरीदी
शाहीन अफरीदी अब वनडे मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले पाकिस्तान के तीसरे कप्तान बन गए हैं। उनसे पहले यह अनोखा कारनामा सिर्फ वसीम अकरम और वकार यूनिस ही कर पाए थे। वनडे मैच की पहली गेंद पर विकेट चटकाने वाले पाकिस्तान के पहले कप्तान वसीम अकरम थे। उन्होंने 24 दिसंबर 1993 को कराची में जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में एंडी फ्लावर को आउट कर यह रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद 17 जून 2001 को वकार यूनिस ने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में मैच की पहली ही गेंद पर मार्कस ट्रेस्कोथिक को आउट कर इस कारनामे को दोहराया।
शाहीन अफरीदी ने 25 साल बाद किया बड़ा कारनामा
अब पूरे 25 साल के लंबे इंतजार के बाद शाहीन अफरीदी ने बतौर कप्तान वनडे मैच की पहली गेंद पर विकेट लेने का कारनामा किया। शाहीन को हमेशा से ही नई गेंद से गेंदबाजी करना पसंद है और शुरुआती ओवर में अक्सर अपनी टीम को सफलता दिलाते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भी उन्होंने कुछ ऐसा ही प्रदर्शन किया। आपको बता दें कि शाहीन को पिछले साल ही पाकिस्तान की वनडे टीम का कप्तान बनाया गया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी वनडे सीरीज के पहले मैच में पाकिस्तान ने शाहीन की कप्तानी में 5 विकेट से जीत दर्ज की थी।
शाहीन अफरीदी ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड
पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी ने एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया है। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी वनडे मैच की पहली गेंद पर दो बार विकेट लेने वाले पाकिस्तान के पहले गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने साल 2022 में भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच की पहली गेंद पर विकेट चटकाया था। शाहीन से पहले पाकिस्तान के वसीम अकरम (2002 में) और मोहम्मद इरफान (2014 में) भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच की पहली गेंद पर विकेट ले चुके हैं, लेकिन उन्होंने ऐसा सिर्फ एक-एक बार ही किया है।
यह भी पढ़ें
Khabar Monkey












