भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का आगाज 6 जून से होने जा रहा है। सीरीज के दौरान पहले एक टेस्ट मैच खेला जाएगा, उसके बाद तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला अब ज्यादा दूर नहीं है। इससे पहले ही एक और टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है। इसमें इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीमें आमने सामने होंगी। ये तो पक्का है कि इस सीरीज के हर मैच के बाद विश्व टेस्ट चैंपियनशिप यानी डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में जबरदस्त बदलाव देखने के लिए मिलेंगे।

इग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 4 जून से शुरू होगा
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम इंग्लैंड दौरे पर है। जहां पहले तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का पहला मुकाबला 4 जून यानी भारत बनाम अफगानिस्तान सीरीज से दो दिन पहले शुरू होगा, जो लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। सीरीज का दूसरा मैच 17 जून से होगा। इसके बाद आखिरी और तीसरा मैच 25 जून से खेला जाएगा। खास बात ये है कि ये सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाएगी, इसलिए इससे अंक तालिका पर भी असर पड़ेगा।
Khabar Monkey
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अभी कहां हैं न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीमें
ताजा अंक तालिका की बात करें तो यहां पर न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम अभी दूसरे नंबर पर है। टीम के पास अंक तो केवल 28 ही हैं, लेकिन उसका पीसीटी 77.78 का है। टीम ने तीन मैच खेलकर दो जीते हैं और एक ड्रॉ रहा है। वहीं इंग्लैंड की टीम सातवें स्थान पर है। टीम ने 10 मैच खेलकर केवल तीन ही जीते हैं। छह में उसे हार मिली है और एक ड्रॉ रहा है। उसका पीसीटी 31.67 का है। जो टीम जीतेगी, उससे बाकी टीमों की रैंकिंग पर भी असर दिखाई देगा।
अफगानिस्तान नहीं है विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा
इस बीच भारत बनाम अफगानिस्तान टेस्ट मैच की बात करें तो ये विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है, इसलिए इसकी हार जीत से अंतर नहीं पड़ेगा। दरअसल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में केवल टॉप 9 टीमें ही खेल रही हैं, इसमें अफगानिस्तान का नाम नहीं है। इसलिए ये मैच डब्ल्यूटीसी का हिस्सा नहीं है। हालांकि न्यूजीलैंड बनाम इंग्लैंड सीरीज के मैचों से भारत की रैंकिंग में कुछ ना कुछ बदलाव हो सकता है। इस सीरीज के मैच भारतीय समय अनुसार दोपहर साढ़े तीन बजे से होंगे, इसलिए इन्हें आप देख भी सकते हैं।












