यूपी के गाजियाबाद जिले में बकरीद के दिन मामूली विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से वार किया गया था. गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान कल उसकी मौत हो गई. जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटना जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र की है.

मृतक युवक की पहचान 17 वर्षीय सूर्या चौहान निवासी नवनीत विहार खोड़ा के रूप में हुई है.परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार घटना 28 मई दोपहर करीब 3:30 बजे की है. बताया गया कि सूर्या चौधरी स्कूल के पास गली में खड़ा था, तभी असद, नवाब, फरहान, आतिफ, सारिक समेत अन्य युवकों ने उस पर हमला कर दिया. आरोप है कि आरोपियों ने सूर्या को पकड़ लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए.
घटना के दौरान शोर सुनकर मृतक का भाई यश चौहान और उसकी मां मौके पर पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि हमलावर सूर्या को गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए. घायल युवक को तुरंत नोएडा सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बीते शुक्रवार को उसकी मौत हो गई. पुलिन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
Khabar Monkey
इलाके में तनाव की स्थिति
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई. बताया जाता है कि मृतक युवक और आरोपी पहले से जानकार और मित्र है और दोनों के बीच कुछ माह पहले झगड़ा हुआ था और आरोप है कि उसी का बदला लेने के लिए पहले फोन कर युवक को बुलाया गया और फिर एक बड़े चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी गई. ऐसे में घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है. एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
वहीं इस पूरे मामले में एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
परिजनों ने की एनकाउंटर की मांग
मृतक सूर्या की मां का कहना है कि आरोपियों का एनकाउंटर होना चाहिए. आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलना चाहिए. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.





