उत्तर प्रदेश के हरदोई में डीएम चौराहे से अशोक स्तंभ हटाए जाने की खबर पूरी तरह गलत है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया है कि अशोक स्तंभ चौराहे पर पहले की तरह लगा हुआ है। इसे किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। सिर्फ इसकी जगह बदली गई है। नगर पालिका शहर के मुख्य चौराहों का सौंदर्यीकरण कर रही है, लेकिन इस वजह से अशोक स्तंभ को कोई नुकसान नहीं हुआ है।

जिला प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि डीएम चौराहे पर अशोक स्तम्भ यथावत लगा हुआ है। अशोक स्तम्भ हटाये जाने संबंधी आरोप पूर्णता असत्य है। इसका पूर्णतया खंडन किया जाता है। कृपया भ्रामक खबर प्रसारित न करें। इस संबंध में जिलाधिकारी ने गलत खबरों का खंडन किया है।
डीएम ने क्या कहा?
हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा, “सोशल मीडिया चैनल और ट्विटर अकाउंट्स में यह भ्रामक सूचना फैलाई जा रही है कि सम्राट अशोक के स्तंभ को जो कि हमारे भारत का राष्ट्रपति एवं चिन्ह है उसको हटा दिया गया है। मैं जिला प्रशासन हरदोई की तरफ से यह भ्रामक सूचना का खंडन करता हूं और यह आश्वस्त करता हूं हमारे सभी भाइयों और बहनों को कि सभी की आस्था एवं भावनाओं का सम्मान किया जा रहा है। डीएम चौराहे के सौंदर्यकरण का कार्य प्रगति पर है। जिसके क्रम में सम्राट अशोक के स्तंभ को डीएम चौराहे पर ही विस्थापित किया गया है। सौंदर्यकरण उपरांत आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। हम सभी धर्म जाति और समुदाय के लोगों का सम्मान करते हैं और सभी की भावनाओं और आस्था आस्था का परम आदर करते हुए कार्रवाई करेंगे। जिला प्रशासन हरदोई एवं पुलिस प्रशासन की ओर से हमारे सभी जनपद वासियों से अनुरोध है कि वह शांति व्यवस्था बनाए रखने में हमारा सहयोग करें।”
स्तंभ की जगह बदली
प्रशासन की तरफ से डीएम चौराहे की फोटो भी जारी की गई है, जिसमें अशोक स्तंभ को देखा जा सकता है। डीएम ने यह भी साफ किया है कि सौंदर्यीकरण का काम पूरा होने के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी। अशोक स्तंभ को दोबारा पुराने स्थान पर या किसी नए स्थान पर स्थापित किया जा सकता है।
Khabar Monkey
–





