गर्मियां आते ही बाजार में कच्चे आम की भरमार देखने को मिलती है। लोग आम को खरीदकर अलग-अलग चीजें बनाना शुरूकर देते हैं। आम की चटनी, आम का अचार और आम का पन्ना बेहद खास होता है। भीषण धूप और गर्मी में बाहर से आते ही अगर कुछ ठंडा-ठंडा और स्वादिष्ट मिल जाए, तो सुकून मिल जाता है। ऐसे में ज्यादातर लोग फ्रिज में मार्केट में मिलने वाली ड्रिंक्स को स्टोर करते रखते हैं। वहीं ज्यादातर लोग आज भी तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए और शरीर को ठंडक देने के लिए आम का पन्ना पीना ज्यादा पसंद करते हैं।
आम का पन्ना न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि यह सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। मसालों का तीखापन और कच्चे आम की सोंधी खुशबू मिलकर इसको एक स्वादिष्ट और लाजवाब ड्रिंक बनाता है। आम पन्ना बनाना भी बेहद आसान होता है। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम गांव स्टाइल आम पन्ना रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं।
आम पन्ना सामग्री

कच्चे आम-3 से 4
भुना हुआ जीरा पाउडर- 1 बड़ा चम्मच
काली मिर्च पाउडर- आधा छोटा चम्मच
काला नमक-1 छोटा चम्मच
सादा नमक- स्वादानुसार
गुड़- स्वादानुसार (ऑप्शन) पुदीने की पत्तियां- मुट्ठी भर (ताजी)
ठंडा पानी- जरूरत अनुसार
ऐसे बनाएं आम पन्ना
सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छे से धो लें और फिर आग जलाकर या गैस पर कच्चे आम को भूनें। जब आम अच्छे से भुन जाएं, तो इसको ठंडा होने के लिए रख दें। ठंडा होने के बाद आम का छिलका निकाल दें और एक भगोने में आम को हाथों से मसलकर इसका गूदा निकाल लें। गुठली को अलग कर लें और आम के गूदे में काला नमक, जीरा पाउडर, काली मिर्च पाउडर और सादा नमक मिलाएं।
अगर आप इसको खट्टा-मीठा स्वाद देना चाहती हैं, तो इसमें गुड़ डालें। इसके लिए थोड़े गर्म पानी में गुड़ को घोलकर छान लें और फिर पल्प में मिक्स करें। अब जरूरत के हिसाब से ठंडा पानी मिलाएं और आखिरी में ताजे पुदीने की पत्तियों को हाथ से मसलकर इसमें डालें। अगर आम का गूदा रेशेदार है तो इसको छानकर सर्व करें। इस आसान तरीके से स्वादिष्ट खट्टा-मीठा आम पन्ना बनकर तैयार है।
स्वाद को बनाएं परफेक्ट
अगर आप आम पन्ना का स्वाद एकदम परफेक्ट चाहती हैं, तो आम को उबालने की बजाय सीधे गैस या फिर कोयले की आंच पर भूनें।
पन्ना तैयार होने के बाद इसको मिट्टी के घड़े या फिर कुल्हड़ में रखें।
जीरे को तवे पर स्लो आंच में भूनकर उसका दरदरा पाउडर बना लें।
भुना जीरा, पुदीने की पत्तियां और काली मिर्च को सिलबट्टे पर दरदरा पीसें।
इन टिप्स को अपनाने से आम पन्ना स्वादिष्ट बनेगा।
Khabar Monkey





