गर्मियों का मौसम आते ही लोग पंखा, कूलर और एसी चलाकर घर को ठंडा रखने की कोशिश करते हैं. लेकिन कई बार पूरी मेहनत के बाद भी कमरा गर्म ही महसूस होता है और बिजली बिल तेजी से बढ़ने लगता है. इसकी वजह सिर्फ बाहर की धूप नहीं होती, बल्कि घर में मौजूद कुछ ऐसी चीजें भी होती हैं जो चुपचाप गर्मी बढ़ाने का काम करती रहती हैं. हैरानी की बात यह है कि लोग रोज इनका इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ध्यान नहीं देते कि यही चीजें कमरे का तापमान बढ़ा रही हैं.

लगातार जलने वाली लाइट्स
पुराने बल्ब और कुछ ज्यादा गर्म होने वाली लाइट्स कमरे में अतिरिक्त गर्मी पैदा कर सकती हैं. खासकर पीले पुराने बल्ब काफी गर्म हो जाते हैं और छोटे कमरे को जल्दी गर्म महसूस करा सकते हैं. अगर दिन में जरूरत न हो तो लाइट्स बंद रखना और कम बिजली खाने वाली LED लाइट्स इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है.
हर समय चालू रहने वाले इलेक्ट्रॉनिक सामान
टीवी, कंप्यूटर, गेमिंग कंसोल और चार्जर जैसी चीजें बंद दिखने के बाद भी हल्की बिजली खपत करती रहती हैं. लंबे समय तक चलने पर ये गर्मी छोड़ती हैं, जिससे कमरा ज्यादा गर्म महसूस हो सकता है. कई लोग मोबाइल चार्जर को हमेशा प्लग में लगा छोड़ देते हैं, जिससे बिजली की बर्बादी भी होती रहती है. विशेषज्ञ मानते हैं कि जरूरत न होने पर इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह बंद करना और प्लग निकाल देना बिजली बचाने में मदद कर सकता है.
मोटे पर्दे और बंद कमरा
सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन गलत तरह के पर्दे भी गर्मी बढ़ा सकते हैं. अगर कमरे में हवा का सही रास्ता नहीं होगा और धूप सीधे अंदर आती रहेगी, तो कमरा भट्टी जैसा महसूस होने लगता है. बहुत भारी और गर्म कपड़े वाले पर्दे कई बार हवा रोक देते हैं. गर्मियों में हल्के रंग और पतले पर्दे ज्यादा बेहतर माने जाते हैं क्योंकि वे धूप को कुछ हद तक रोकने के साथ हवा आने-जाने में मदद करते हैं.
Khabar Monkey
जरूरत से ज्यादा भरा हुआ किचन
गर्मी में ओवन, माइक्रोवेव और लगातार गैस पर खाना बनाना भी घर का तापमान बढ़ा देता है. खासकर छोटे घरों में किचन की गर्मी जल्दी पूरे कमरे में फैल सकती है. अगर लंबे समय तक खाना बन रहा हो, तो किचन काफी गर्म महसूस होने लगता है.इसी वजह से कई लोग गर्मियों में सुबह या शाम के समय खाना बनाना पसंद करते हैं. साथ ही किचन में एग्जॉस्ट फैन चलाना भी जरूरी माना जाता है.
बिना सफाई वाला पंखा और कूलर
कई बार लोग सोचते हैं कि पंखा या कूलर सही काम नहीं कर रहा, लेकिन असली वजह उसमें जमी धूल होती है. गंदे पंखे हवा सही तरीके से नहीं फैला पाते और कूलर की जाली में धूल जमा होने से ठंडक कम हो सकती है. ऐसे में लोग एसी या कूलर ज्यादा देर चलाते रहते हैं, जिससे बिजली बिल बढ़ता जाता है.





