उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती जारी है. गर्मी में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं. इस वजह से विपक्ष प्रदेश सरकार पर हमलावर है. अब सत्ता पक्ष ने विपक्ष की आलोचना करते हुए करारा जवाब दिया है. प्रदेश के बिजली मंत्री एके शर्मा ने बिजली व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर सोशल मीडिया पर पलटवार किया है. बिजली मंत्री ने कहा कि पहले खुद देखो फिर आईना दिखाओ.
Khabar Monkey

बिजली मंत्री शर्मा ने सोशल मीडिया X पर अपने लंबे पोस्ट में कहा कि प्रदेश में सपा शासन (2012-17) के दौरान उत्तर प्रदेश की औसत पीक बिजली डिमांड 13,000 मेगावाट ही हुआ करती थी, जबकि अब यह बढ़कर 30,000 मेगावाट से अधिक हो चुकी है. उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले कई गांवों में हफ्ते में सिर्फ एक बार बिजली आया करती थी, जबकि अब गांवों, तहसीलों और शहरों में 18 से 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति की जा रही है.
‘SP राज में चरमराई थी बिजली व्यवस्था’
बिजली उपभोक्ताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि साल 2017 के बाद प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है और आज 3.70 करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली मिल रही है. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में बिजली चोरी और कटियाबाजी को संरक्षण मिलता था, जिससे बिजली व्यवस्था चरमराई हुई थी.
आज कल समाजवादी पार्टी के माननीय मुखिया को यूपी की बिजली व्यवस्था बहुत कमज़ोर दिख रही है। उनसे कहना चाहूँगा कि:
आईना जब भी उठाया करो,
पहले खुद देखो फिर दिखाया करो।1. आपके सहित समाजवादी पार्टी के चार-चार शासनकाल के अंत में 2012-17 में यूपी की बिजली की औसत पीक डिमांड 13000 MW pic.twitter.com/QmPkTMbXKD
— A K Sharma (@aksharmaBharat) May 22, 2026
ऊर्जा मंत्री के मुताबिक, प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार ने बिजली की हालत सुधारने की काफी कोशिश की. जर्जर तारों को हटाने, पुराने खंभे और खराब ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिए बड़ा अभियान चलाया गया. अभी प्रदेश में हजारों मेगावाट की नई विद्युत उत्पादन परियोजनाओं पर काम चल रहा है और ट्रांसमिशन क्षमता भी लगातार बढ़ाई जा रही है.
‘सबसे अधिक बिजली पैदा करने वालों में’
उन्होंने दावा किया कि यूपी में पिछले कुछ सालों में लाखों किलोमीटर जर्जर तार बदले गए और लाखों नए बिजली खंभे लगाए गए. उनका कहना है कि आज यूपी देश के सबसे अधिक बिजली आपूर्ति करने वाले राज्यों में शुमार हो गया है और रिकॉर्ड बिजली मांग पूरी की जा रही है.
स्मार्ट मीटर विवाद पर बिजली मंत्री ने कहा कि स्मार्ट मीटर विवाद पर भी सरकार ने लोगों को बड़ी राहत दी है. उन्होंने तकनीकी शिकायतों की समीक्षा पूरी होने तक नए स्मार्ट प्रीपेड मीटर रोक लगाने और पोस्टपेड जैसी व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भीषण गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और ट्रिपिंग तथा लो-वोल्टेज की समस्याओं को तुरंत दूर किया जाए.
खुद देखो, फिर दूसरों को दिखाओ आईनाः शर्मा
मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो काम पहले नहीं हुआ वही आज किया जा रहा है और प्रदेश की जनता बिजली व्यवस्था में हुए बदलाव को देख रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आजकल समाजवादी पार्टी के मुखिया को यूपी की बिजली व्यवस्था बहुत कमजोर दिख रही है. उनसे यही कहना चाहूंगा कि आईना जब भी उठाया करो, पहले खुद देखो फिर दूसरों को दिखाया करो.
सोशल मीडिया पर अपने लंबे पोस्ट के अंत में बिजली मंत्री ने कहा, “भीषण गर्मी की वजह से अप्रत्याशित रूप से बढ़ी हुई मांग को पूरा करने में लगे हुए हम सभी का आप जैसे अनुभवी व्यक्ति को सहयोग करना चाहिए. रही बात बबूल की तो ये फैसला तो हो चुका है. वो तो आपने लगाए हैं. हम उन्हें समूल नष्ट कर रहे हैं. एक और आईना साथ में अटैच है, वो भी झूठ नहीं बोलेगा.”





