How To Make Tarbooj Barfi: गर्मियों के मौसम में आपको हर तरफ तरबूज देखने को मिल जाएगा. रसीला और ठंडा-ठंडा ये फल सेहत को भी कई फायदे देता है. तरबूज खाने से शरीर को ठंडक मिलती है. साथ ही शरीर में पानी की कमी भी नहीं होती है. इस रसीले फल को बच्चे से लेकर बड़े तक बड़े शौक से खाते हैं. वहीं, अब तो तरबूज से कई चीजें भी बनने लगी हैं, जिसमें आइसक्रीम से लेकर बर्फी तक शामिल है. जी हां, इसका स्वाद पारंपरिक मिठाइयों से अलग होता है और इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती. खास बात यह है कि यह मिठाई गर्मियों के मौसम में हल्की और फ्रेश महसूस होती है.

अगर आप भी हर बार एक जैसी मिठाइयां बनाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो तरबूज की बर्फी आपके लिए परफेक्ट रेसिपी साबित हो सकती है. चलिए इस आर्टिकल में आपको भी बताते हैं तरबूज की बर्फी बनाने का आसान तरीका, जिसे खाकर मेहमान भी आपकी खूब तारीफ करेंगे.
Khabar Monkey
तरबूज की बर्फी की खासियत
गर्मियों में तरबूज ज्यादातर लोग जूस, शेक या फ्रूट चाट के रूप में खाना पसंद करते हैं, लेकिन इससे बनी बर्फी स्वाद और सेहत का अनोखा मेल ह.। तरबूज की बर्फी हल्की, रसीली और मुंह में घुल जाने वाली मिठाई होती है, जिसे घर पर बहुत कम समय में तैयार किया जा सकता है. इसमें तरबूज की नेचुरल मिठास और खुशबू बनी रहती है, जिससे इसका स्वाद बाकी पारंपरिक मिठाइयों से अलग लगता है. खास बात यह है कि यह बर्फी गर्मियों में ठंडक देने का काम भी करती है और मेहमानों को सर्व करने के लिए एक यूनिक स्वीट डिश भी है.
तरबूज की बर्फी के लिए इंग्रिडियंट्स
- तरबूज – 3 कप (बीज निकालकर छोटे टुकड़ों में कटे हुए)
- दूध – 1 लीटर
- चीनी – 1/2 कप (स्वादानुसार)
- घी – 2 बड़े चम्मच
- कॉर्न फ्लोर – 2 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- कटे हुए पिस्ता और बादाम -गार्निश के लिए
तरबूज की बर्फी बनाने की विधि
- सबसे पहले तरबूज के टुकड़ों को मिक्सर में डालकर स्मूद प्यूरी तैयार कर लें. अब इस प्यूरी को छन्नी से छान लें ताकि इसमें मौजूद एक्सट्रा पानी और रेशे अलग हो जाएं.
- इसके बाद एक भारी तले की कढ़ाही में दूध डालकर मध्यम आंच पर पकाएं. दूध को लगातार चलाते रहें और तब तक पकाएं जब तक वह गाढ़ा होकर लगभग आधा न रह जाए.
- अब इसमें तरबूज की प्यूरी डालें और अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं ताकि यह तले में चिपके नहीं. कुछ देर बाद इसमें चीनी और इलायची पाउडर डाल दें.
- एक छोटी कटोरी में कॉर्न फ्लोर को थोड़ा पानी मिलाकर घोल तैयार करें. अब इस घोल को कढ़ाही में डालें और लगातार चलाते रहें. इससे मिश्रण जल्दी गाढ़ा होने लगेगा.
- जब मिश्रण मावा जैसी कंसिस्टेंसी का हो जाए, तब इसमें घी डालें और 2 से 3 मिनट तक और पकाएं. मिश्रण जब कढ़ाही छोड़ने लगे, तब गैस बंद कर दें.
- अब एक प्लेट या ट्रे में घी लगाकर चिकना कर लें और तैयार मिश्रण को उसमें फैलाएं. ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम डालकर हल्के हाथ से दबा दें.
- बर्फी को ठंडा होने दें और फिर 1 से 2 घंटे के लिए फ्रिज में सेट होने रखें. इसके बाद मनचाहे आकार में काटकर ठंडी-ठंडी तरबूज की बर्फी सर्व करें.





