इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में लीग स्टेज मुकाबले अब अपने अंतिम पड़ाव पर हैं, जिसमें शुभमन गिल की कप्तानी में खेल रही गुजरात टाइटंस की टीम इस सीजन में लीग स्टेज में अपना आखिरी मुकाबला 21 मई को चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के खिलाफ खेलेगी। गुजरात टाइटंस जिनको शुरुआती कुछ मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था उन्होंने शानदार वापसी करने के साथ लगातार 5 मैचों में जीत हासिल की और उसमें प्लेऑफ के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया। अब जीटी की नजरें लीग स्टेज के आखिरी मैच को जीतने के साथ 18 अंकों पर खत्म करने की होगी ताकि टॉप-2 पोजीशन के लिए अपनी दावेदारी को पुख्ता किया जा सके। ऐसे में इस मुकाबले में सबसे बड़ी जिम्मेदारी उनके कप्तान शुभमन गिल पर रहने वाली हैं जो अब तक आईपीएल 2026 में 12 मैचों में 552 रन बना चुके हैं। शुभमन गिल के पास चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में तीन बड़े कारनामे करने का मौका भी रहने वाला है।

टी20 में 6000 रनों के आंकड़े से सिर्फ 36 रन दूर
शुभमन गिल की गिनती टी20 फॉर्मेट के धाकड़ खिलाड़ियों में भले ही ना की जाती हो लेकिन इसके बावजूद वह खुद को मैच विनर साबित करने में कामयाब जरूर रहे हैं। आईपीएल में अभी तक गिल का बतौर कप्तान और प्लेयर दोनों में बल्ले से शानदार रिकॉर्ड लगभग हर सीजन में देखने को मिला है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के खिलाफ मैच में शुभमन गिल यदि बल्ले से 36 रन और बनाने में कामयाब होते हैं तो वह टी20 फॉर्मेट में अपने 6000 रनों का आंकड़ा पूरा कर लेंगे। अभी तक गिल ने टी20 क्रिकेट में कुल 187 मैच खेले हैं जिसमें उन्हें 184 पारियों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है और उसमें वह 37.50 के औसत से 5964 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। इस दौरान गिल के बल्ले से 6 शतकीय और 37 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं।
Khabar Monkey
छक्कों का दोहरा शतक पूरा करने से सिर्फ 2 कदम दूर
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में शुभमन गिल के अपने टी20 करियर में छक्कों का दोहरा शतक भी पूरा करने का मौका रहेगा, जिसमें वह अभी तक 187 टी20 मैचों में खेलते हुए 198 छक्के लगाने में कामयाब हुए हैं। वहीं आईपीएल में शुभमन गिल के छक्कों के रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें उन्होंने 130 मैचों में खेलते हुए 146 सिक्स लगाए हैं। ऐसे में गिल यदि इस मैच में चार छक्के लगा देते हैं तो आईपीएल में अपने 150 छक्कों का आंकड़ा पूरा कर लेंगे।





