
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-37 इंडस्ट्रियल एरिया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तीन साल की बच्ची के साथ रेप कर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में 25 साल के युवक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 103(1) (हत्या), धारा 6 (एग्रेवेटेड सेक्शुअल असॉल्ट) और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस ने शुक्रवार सुबह करीब 2 बजे बच्ची का शव बरामद किया. आरोपी की पहचान शिवनाथ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और गुरुग्राम की एक फैक्ट्री में काम करता था. बच्ची का परिवार उसी परिसर में रहता था, जहां आरोपी रह रहा था.
खेलते समय ले गया आरोपी
मिली जानकारी के मुताबिक, तीन साल की बच्ची आरोपी युवक के साथ खेलती थी. गुरुवार शाम भी बच्ची उसके साथ खेल रही थी. इसी दौरान आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और वारदात को अंजाम दिया. गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप तुरान ने बताया कि आरोपी गुरुवार शाम करीब 7 बजे से 7:15 बजे के बीच बच्ची को लगभग चार किलोमीटर दूर तक घसीटकर एक सुनसान स्थान पर ले गया. वहां उसने बच्ची के साथ रेप किया और बाद में उसका गला घोंटकर हत्या कर दी. सबूत मिटाने के लिए उसने जमीन में गड्ढा खोदकर बच्ची को वहीं दफना दिया और मौके से फरार हो गया.
CCTV फुटेज से खुला मामला
इधर बच्ची के घर न लौटने पर उसके माता-पिता चिंतित हो गए. काफी खोजबीन के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे उन्होंने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में आरोपी शिवनाथ बच्ची को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पुलिस के बयान के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले जाकर रेप किया और पहचान उजागर होने के डर से उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी शिवनाथ पुलिस को उस जगह ले गया, जहां उसने बच्ची के शव को दफनाया था. पुलिस ने जमीन खोदकर बच्ची का शव बरामद किया. मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच जारी है.




