अक्सर जब भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों बढ़नी शुरू होती हैं, तो पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। ऐसा ही पैनिक भरा नजारा हाल ही में चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित एक पेट्रोल पंप पर देखने को मिला। सुबह-सुबह पंप पर एक ऐसा नोटिस चिपका दिया गया, जिसे देखते ही पूरे लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए दौड़ पड़े। नोटिस की यह तस्वीर X पर @rishuraj_chd ने पोस्ट की और कैप्शन में इस मामले की जानकारी दी।

पंप पर चिपका था ये नोटिस
दरअसल, सेक्टर-17 के इस पेट्रोल पंप पर सुबह अचानक एक पोस्टर लगा दिया गया था। इसमें साफ शब्दों में लिखा था कि दोपहिया वाहनों यानी बाइक्स को सिर्फ 500 रुपये और कारों को अधिकतम 1500 रुपये का ही ईंधन दिया जाएगा। इस ‘फ्यूल लिमिट’ वाले नोटिस की खबर वायरल हो गई। ‘पैनिक बाइंग’ शुरू हो गई।
बवाल बढ़ा तो मालिक ने दी ये सफाई
जब पंप पर भीड़ बेकाबू होने लगी और प्रशासन तक बात पहुंची, तो पेट्रोल पंप के मालिक ने अपनी सफाई पेश की। मालिक का दावा था कि उनके पास पीछे से फ्यूल का स्टॉक कम हो गया था, इसलिए मजबूरी में उन्होंने बिक्री सीमित करने के लिए यह नोटिस लगाया था।
चंडीगढ़ DC ने बताई असली सच्चाई
इस पूरे मामले पर चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर (DC) निशांत यादव ने खुद सामने आकर स्थिति को स्पष्ट किया। उन्होंने एक्स और अन्य माध्यमों से जनता को आश्वस्त करते हुए कहा- चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से शहर में पेट्रोल या डीजल की बिक्री पर कोई प्रतिबंध या लिमिट लगाने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। प्रशासन की सख्त दखलअंदाजी के बाद पेट्रोल पंप से वे भ्रामक पोस्टर तुरंत हटा दिए गए।
पेट्रोल पंप पर गिरेगी गाज
बिना प्रशासन की अनुमति के इस तरह का नोटिस लगाकर शहर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा करने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। पेट्रोल पंप को ‘स्पष्टीकरण नोटिस’ जारी कर दिया गया है। साथ ही, अब HPCL (हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) के दिशानिर्देशों के तहत इस पंप के खिलाफ आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Khabar Monkey
अगर आप चंडीगढ़ में हैं या आस-पास रहते हैं, तो आपको घबराने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। शहर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और न ही किसी तरह की कोई लिमिट लगाई गई है। अफवाहों पर ध्यान न दें और आराम से अपनी जरूरत के हिसाब से फ्यूल भरवाएं!





