MS Dhoni: IPL 2026 का सबसे इमोशनल और हाईवोल्टेज मुकाबला आज चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ रही है। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली CSK के लिए IPL 2026 का 63वां मैच सिर्फ प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने का मौका नहीं, बल्कि चेन्नई करोड़ों फैंस के लिए भावनाओं से जुड़ा पल भी बन गया।

दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आज IPL 2026 में अपना आखिरी घरेलू मैच खेल रही है। ऐसे में टॉस से पहले धोनी को लेकर चेन्नई के फैंस की धड़कनें काफी तेज हो गईं। बता दें, चेन्नई के फैंस धोनी की मैदान पर वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। SRH के खिलाफ आज के मैच में धोनी की वापसी की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने साफ कर दिया कि धोनी आज भी नहीं खेल रहे हैं। इस तरह धोनी के कमबैक का इंतजार बढ़ गया है। ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। गायकवाड़ ने टॉस जीतने के बाद स्पष्ट कर दिया कि धोनी फिट नहीं है और आज का मैच भी नहीं खेल रहे हैं। बता दें, धोनी ने इस सीजन एक भी मैच नहीं खेला है।
गौरतलब है कि एमए चिदंबरम स्टेडियम में दोनों टीमें हार के बाद मैदान पर उतर रही हैं और जीत हासिल कर प्लेऑफ की रेस में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेंगी। चेन्नई सुपर किंग्स फिलहाल पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर है। टीम ने 12 मुकाबलों में 6 जीत और 6 हार के साथ 12 पॉइंट हासिल किए हैं। सीजन की शुरुआत लगातार तीन हार से करने वाली ऋतुराज गायकवाड़ की टीम ने शानदार वापसी की, लेकिन पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 7 विकेट से हार ने टीम की मुश्किलें बढ़ा दीं। अब CSK को प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए अपने बाकी दोनों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे।
दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद ने भी खराब शुरुआत के बाद जोरदार वापसी की है। टीम ने शुरुआती चार मैचों में से तीन गंवाए थे, लेकिन इसके बाद लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीसरे स्थान पर पहुंच गई। SRH ने 12 मैचों में 7 जीत दर्ज की हैं और अगर टीम चेन्नई को हरा देती है, तो प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी संभावनाएं काफी मजबूत हो जाएंगी। हालांकि, हैदराबाद भी पिछले मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 82 रन की बड़ी हार झेलकर आ रही है।
यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग XI: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अकील होसेन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, स्पेंसर जॉनसन
Khabar Monkey
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, इशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे।





