Viral

Weather Update: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, दिल्ली-NCR, MP-राजस्थान में भीषण हीटवेव अलर्ट

नई दिल्ली: देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून (Monsoon Update) ने तय समय से पहले रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में पहुंच चुका है। विभाग (Weather Forecast) ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

Weather Update: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, दिल्ली-NCR, MP-राजस्थान में भीषण हीटवेव अलर्ट
Weather Update: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, दिल्ली-NCR, MP-राजस्थान में भीषण हीटवेव अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून 26 मई तक केरलम पहुंच सकता है, जबकि सामान्य तौर पर इसकी शुरुआत एक जून को होती है। अंडमान द्वीप समूह और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में भी जल्द मानसूनी गतिविधियां शुरू होने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज
छत्तीसगढ़ में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर 41 डिग्री सेल्सियस की झुलसाने वाली गर्मी के बाद रायपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश हुई। कई इलाकों में ओलावृष्टि की खबरें भी सामने आईं। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने बिजली और यातायात व्यवस्था को प्रभावित किया।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में रायपुर, पाटन, भिलाई, बिलासपुर और पेंड्रारोड समेत कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पाटन में सर्वाधिक 70 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। अगले तीन दिनों तक प्रदेश में तेज हवाएं, गरज-चमक, वज्रपात और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम बना वजह
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र मौसम में बदलाव का मुख्य कारण है। समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के कारण नमी बढ़ रही है। वहीं उत्तर-पूर्व विदर्भ के ऊपर बने चक्रवात के चलते छत्तीसगढ़ में बादलों और आंधी की गतिविधियां तेज हुई हैं। प्रदेश में मानसून की एंट्री 10 जून तक होने और 16 जून तक पूरे राज्य में फैलने की संभावना जताई गई है।

Khabar Monkey

मध्य प्रदेश में जारी भीषण गर्मी
मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। शनिवार को नौगांव में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस और खंडवा में 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया।

जबलपुर में 43.2, ग्वालियर में 42.6, भोपाल में 42.4, उज्जैन में 42 और इंदौर में 41.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका जताई है। रविवार को डिंडौरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा में आंधी और बारिश की संभावना है। वहीं विदिशा, रायसेन, राजगढ़, हरदा, खरगोन, धार, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ सहित कई जिलों में लू का असर बना रह सकता है।

दिल्ली-NCR और पंजाब में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों तक तापमान में तेजी से बढ़ोतरी की चेतावनी दी है। 17 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं पंजाब में भी 20 मई तक लू चलने का अनुमान है। IMD ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

अल नीनो का असर भी चिंता का कारण
IMD ने इससे पहले अनुमान जताया था कि इस वर्ष मानसून सीजन में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अल नीनो की स्थिति विकसित होने से देश में बारिश प्रभावित हो सकती है और कई हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज होने की आशंका है।

Leave a Reply