Prayagraj : प्रयागराज के प्रभारी मंत्री और उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को जनपद के आंधी-तूफान प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा किया। उन्होंने तहसील हण्डिया, फूलपुर और सोरांव में तूफान के कारण हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।

मृतक आश्रितों को आर्थिक मदद और योजनाओं का लाभ
प्रभारी मंत्री ने आंधी-तूफान के कारण जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों के खाते में प्रदेश सरकार की ओर से 4 लाख रुपये की सहायता राशि तत्काल भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर ही परिवारों से राशि प्राप्त होने की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि आज ही सभी प्रभावितों के खातों में पैसा अंतरित (Transfer) हो जाना चाहिए।
इसके अलावा मंत्री जी ने उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि:
पीड़ित परिवारों को आवास योजना, पेंशन और भूमिहीनों को पट्टा जैसी सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता पर दिया जाए।
क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का तत्काल सर्वे कर मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।
राहत कार्य और बिजली व्यवस्था पर सख्त निर्देश
आंधी-तूफान से अस्त-व्यस्त हुई व्यवस्थाओं पर मंत्री जी ने अधिकारियों की क्लास ली। उन्होंने बिजली विभाग को ‘युद्धस्तर’ पर अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक करने और जनपद में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही, सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात सुचारू करने और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इन शोकाकुल परिवारों से की मुलाकात
प्रभारी मंत्री ने फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मृतक राजदेवी (सिथौरा), दुर्गाभारती (नाहरपुर), रंजना (देवदहना), अनीता देवी (छतौना), लाल जी (खखैचा), सविता और अनुपम (कुतुबुद्दीनपुर) तथा सत्यम (जगदीशपुर) व इन्दु पटेल (खिजिरपुर) के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त की।
Khabar Monkey
उन्होंने स्पष्ट किया कि “आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”





