अगर बच्चे रोजाना पराठा, ब्रेड-बटर या पोहा खाकर बोर हो गए हैं और आप सुबह के नाश्ते में कुछ नया, हेल्दी और टेस्टी ट्राई करना चाहती हैं, तो दही से बने सैंडविच शानदार विकल्प हो सकते हैं। दही से तैयार ये सैंडविच स्वाद में तो लाजवाब लगते ही हैं, साथ ही पेट के लिए भी हल्के और पौष्टिक होते हैं। इनमें आप अपनी पसंद की सब्जियां मिलाकर बच्चों को हेल्दी तरीके से न्यूट्रिशन भी दे सकती हैं।
खास बात यह है कि ये सैंडविच बहुत कम समय में तैयार हो जाते हैं और इन्हें तवे, पैन या ग्रिलर किसी में भी आसानी से बनाया जा सकता है। अगर आप रोज के नाश्ते में थोड़ा ट्विस्ट लाना चाहती हैं, तो यहां जानिए दही से बनने वाली 3 आसान और स्वादिष्ट सैंडविच रेसिपी।

दही सैंडविच बनाने की विधि-1
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
2 टेबल स्पून दही, 1/2 खीरा (टुकड़ों में कटा हुआ), 1/2 टमाटर , टुकड़ों में कटा हुआ, 1/2 शिमला मिर्च (टुकड़ों में कटा हुआ), 1/2 प्याज (टुकड़ों में कटा हुआ), 1/2 टी स्पून लाल मिर्च पाउडर, 1/2 टी स्पून चाट मसाला, स्वादानुसार नमक, स्वादानुसार काली मिर्च की जरूरत होगी।
इस तरह बनाएं
सैंडविच बनाने के लिए किसी बाउल में थोड़ा सा दही डालें। इसके बाद कटा हुआ खीरा, टमाटर, शिमला मिर्च और प्याज डालें। फिर लाल मिर्च, चाट मसाला, नमक और काली मिर्च स्वादानुसार डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें। फिर तैयार मिश्रण को ब्रेड के दो टुकड़ों के बीच में रख दें। इसे तवे, पैन या ग्रिलर किसी में भी दोनों तरफ से सेक लें।
दही सैंडविच बनाने की विधि-2
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
ब्रैड – 8 स्लाइस
हंग कर्ड – 3/4 कप
पत्तागोभी – 200 ग्राम (बारीक कटी हुई)
शिमला मिर्च – 1 (बारीक कटी हुई)
गाजर – 2 (कद्दूकस की हुई)
हरा धनिया – 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
घी – 2 टेबल स्पून
काली मिर्च – 1/3 छोटी चम्मच (दरदरी कुटी हुई)
अदरक का टुकड़ा – 1/2 इंच (कद्दूकस किया हुआ)
नमक – 1/2 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
Khabar Monkey
ग्रिलर में इस तरह बनाएं दही के सैंडविच
अगर आप ग्रिलर में सैंडविच बनाना चाहते हैं तो स्टफ किए हुए 2 सैंडविच के ऊपर हल्का सा घी लगाएं। फिर ग्रिलर में एक के बाद एक रख दें। थोड़ा सा घी सैंडविच के दूसरी ओर भी लगा दें। इसके बाद ग्रिलर को ढककर 3 मिनिट के लिए सैंडविच ग्रिल होने दें। करीब 3 मिनिट बाद ग्रिलर को खोलकर सैंडविच को चैक कर लें। गोल्डन ब्राउन होने तक सेंक लें। प्लेट में निकालकर सैंडविच को चाकू से तिरछा बीच में से दो भाग करते हुए काट लें। सैंडविच को हरे धनिये की चटनी, टमैटो सॉस, मेयोनीज या किसी भी पसंदीदा चटनी के साथ परोसिए ।
दही सैंडविच बनाने की विधि-3
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
दही सैंडविच बनाने के लिए आपको ब्रेड, 3/4 कप दही, अपने पसंद की बारीक कटी सब्जियां जैसे गाजर, पत्तागोभी, शिमला मिर्च, बीन्स, प्याज की जरूरत होगी। इसके अलावा आप बारीक कटा हुआ हरा धनियां, 2 बड़े चम्मच घी, 1/3 छोटी चम्मच दरदरी कुटी हुई काली मिर्च, 1/2 इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक का टुकड़ा और स्वादानुसार नमक चाहिए होगा।
इस तरह बनाएं
दही वाला सैंडविच बनाने के लिए एक साफ कपड़े में दही को डालें। फिर कपड़े के किनारों को बांधकर दही को थोड़ी देर के लिए किसी बर्तन में लटकाकर रख दें। ऐसा करने से दही से पानी निकल जाता है। इस तरह आप सैंडविच के लिए घर में ही दही से हंग कर्ड बना पाएंगे। हंग कर्ड बन जाने के बाद इसमें एक-एक कर सभी सब्जियां मिलाएं। अब आपको दही में मसाले मिलाने हैं। काली मिर्च और स्वादानुसार नमक भी मिलाएं। तैयार स्टफिंग को ब्रेड के ऊपर लगाएं। इसे एक दूसरी ब्रेड से कवर कर लें। एक पैन पर घी डालकर गर्म करें। इसपर ब्रेड को रखकर दोनों तरफ से सेक लें।
दही सैंडविच बनाने के लिए जरूरी टिप्स
सैंडविच के लिए ताजा और थोड़ा गाढ़ा दही इस्तेमाल करें। अगर दही ज्यादा पतली हो, तो उसका पानी निकालकर हंग कर्ड बना लें। ब्राउन ब्रेड या मल्टीग्रेन ब्रेड इस्तेमाल करने से सैंडविच ज्यादा हेल्दी बनेंगे। सब्जियों को बारीक काटें, ताकि स्टफिंग बाहर न निकले। चाहें तो इसमें चीज, कॉर्न या पुदीना भी मिला सकती हैं। सैंडविच को हल्के घी या बटर में सेकने से इसका स्वाद और बढ़ जाता है।





