Viral

1 साल तक सोना न खरीदें भारतीय तो क्या होगा? AI के जवाब ने हिला दिया इंटरनेट

भारत में सोने को लेकर लोगों की दीवानगी जगजाहिर है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर देशवासी पूरे एक साल तक सोना खरीदना छोड़ दें, तो भारतीय अर्थव्यवस्था पर इसका क्या असर होगा? सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक यूजर ने यह सवाल पूछा, जिसके बाद इंटरनेट पर एक बड़ी बहस छिड़ गई है। दिलचस्प बात यह है कि इस सवाल पर AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का जो जवाब सामने आया है, वो हैरान करने वाला है। यह चर्चा ऐसे समय में जोर पकड़ रही है, जब हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से सोना कम खरीदने की अपील की है।

1 साल तक सोना न खरीदें भारतीय तो क्या होगा? AI के जवाब ने हिला दिया इंटरनेट
1 साल तक सोना न खरीदें भारतीय तो क्या होगा? AI के जवाब ने हिला दिया इंटरनेट

एक साल सोना न खरीदने पर क्या होगा? (AI का जवाब)
AI के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का स्वर्ण आयात लगभग 72 अरब डॉलर तक पहुंच गया। आयात में इस भारी उछाल की मुख्य वजह वैश्विक स्तर पर सोने की ऊंची कीमतें और शादियों-त्योहारों के दौरान देश में मजबूत मांग रही। अगर पूरे एक साल तक सोने की खरीद पूरी तरह से रोक दी जाए, तो AI के अनुसार ये बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे:

विदेशी मुद्रा की बंपर बचत: भारत के आयात बिल से सीधे तौर पर करीब 72 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा बच जाएगी।

Khabar Monkey

व्यापार घाटे में कमी: देश का व्यापार घाटा (जो कि लगभग 333 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया था) तेजी से सिकुड़ जाएगा।

रुपये को मिलेगी मजबूती: करेंट अकाउंट डेफिसिट (CAD), जो वर्तमान में जीडीपी का लगभग 1.3% है, उसमें सुधार होगा। इससे भारतीय रुपये पर दबाव कम होगा और बचे हुए रिजर्व का इस्तेमाल कैपिटल गुड्स, तेल और तकनीक के आयात में किया जा सकेगा।

फायदे के साथ हैं ये बड़े नुकसान
AI ने केवल फायदे ही नहीं गिनाए, बल्कि इसके गंभीर नुकसानों की तरफ भी इशारा किया है।

लाखों रोजगार पर खतरा: सोने की खरीद रुकने से ज्वेलरी सेक्टर को भारी नुकसान होगा। इस उद्योग से सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े लाखों लोगों की नौकरी और आजीविका खतरे में पड़ जाएगी।

घरेलू उद्योग को झटका: मैक्रो-इकोनॉमिक मोर्चे पर यह भले ही एक बड़ी जीत लगे, लेकिन शॉर्ट-टर्म में घरेलू उद्योग के लिए यह बेहद दर्दनाक होगा।

संभावना यह भी है कि लोगों की बचत सोने से हटकर दूसरे आयातित सामानों या संपत्तियों की ओर शिफ्ट हो जाए।

अर्थव्यवस्था बनाम भारतीयों का भावनात्मक लगाव
ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक, अर्थशास्त्रियों का तर्क है कि सोने के आयात पर भारी खर्च विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ाता है, क्योंकि यह शॉर्ट-टर्म में मैन्युफैक्चरिंग या निर्यात में कोई सीधा योगदान नहीं देता। लेकिन इस वायरल पोस्ट पर लोगों ने याद दिलाया कि भारत में सोना सिर्फ एक निवेश नहीं है। यह शादियों, त्योहारों, पारिवारिक परंपराओं और सामाजिक रुतबे से गहराई से जुड़ा है। ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी परिवारों तक, संकट के समय इसे एक ‘सेफ्टी नेट’ (सुरक्षा कवच) माना जाता है।

एक यूजर ने इस पोस्ट पर चुटकी लेते हुए लिखा- पैसे भी तो होने चाहिए गोल्ड के लिए। वहीं कई लोगों ने चेतावनी दी कि सोने की खरीद को आक्रामक तरीके से रोकने की कोई भी कोशिश मुंबई, जयपुर और कोयंबटूर जैसे शहरों में कारीगरों, सुनारों और छोटे व्यापारियों को बर्बाद कर सकती है।

तो फिर इसका व्यावहारिक समाधान क्या है?
सोशल मीडिया यूजर्स और एक्सपर्ट्स का मानना है कि सोने की खरीद पर पूरी तरह रोक लगाना तो नामुमकिन है, लेकिन आयात में थोड़ी कमी जरूर लाई जा सकती है। इसके लिए लोगों ने ये अहम सुझाव दिए।

फिजिकल गोल्ड (ठोस सोने) की जगह ‘सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड’ (SGB) और गोल्ड ETF में निवेश को बढ़ावा देना।
विदेशों से नया सोना आयात करने के बजाय, घरों में बिना इस्तेमाल के रखे पुराने सोने को रिसाइकिल करने के लिए प्रेरित करना।
खासकर युवा निवेशकों के बीच म्यूचुअल फंड और इक्विटी जैसे निवेश के अन्य विकल्पों के प्रति जागरूकता बढ़ाना।
कुल मिलाकर यह वायरल बहस अब संस्कृति और अर्थशास्त्र के बीच एक “मुश्किल संतुलन” खोजने तक पहुंच गई है। इंटरनेट पर चर्चा भले ही जारी हो, लेकिन एक बात तो साफ है कि सोने के साथ भारतीयों का यह सदियों पुराना रिश्ता इतनी आसानी से खत्म होने वाला नहीं है।

Leave a Reply