नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) जल्द ही दो नए मेट्रो रूट पर काम शुरू करने जा रही है। इन परियोजनाओं के लिए अगले कुछ दिनों में टेंडर जारी किए जाएंगे और जून से निर्माण काम शुरू होने की संभावना है। इन नए रूट के शुरू होने के बाद रोजाना करीब 2 लाख यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। इससे लोगों का सफर आसान, तेज और आरामदायक हो जाएगा।
Khabar Monkey

इन दो रूट पर होगा मेट्रो विस्तार
एनएमआरसी जिन दो परियोजनाओं पर काम शुरू करने जा रही है, उनमें पहला रूट सेक्टर-142 से बाटेनिकल गार्डन तक होगा। यह लिंक लाइन करीब 11.56 किलोमीटर लंबी होगी और इसमें 8 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना पर लगभग ₹2254 करोड़ खर्च किए जाएंगे। दूसरा रूट ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन तक होगा। इसकी लंबाई करीब 2.6 किलोमीटर होगी और इसमें 2 स्टेशन शामिल किए जाएंगे। इस परियोजना पर करीब ₹416 करोड़ खर्च होंगे।
अगले 30 दिनों में होगा कंपनी का चयन
एनएमआरसी अधिकारियों के मुताबिक, टेंडर प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया गया है। कुछ तकनीकी आपत्तियों का समाधान कर लिया गया है और अब जल्द ही टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। कंपनी चयन में लगभग 30 दिन का समय लग सकता है। अगर सब कुछ तय समय पर हुआ, तो जून महीने से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
तीसरे रूट पर भी चल रहा काम
इसके अलावा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (चार मूर्ति गोलचक्कर) तक मेट्रो विस्तार का प्रस्ताव भी सरकार के पास विचाराधीन है। अधिकारियों का दावा है कि अगले एक महीने में इस परियोजना को भी मंजूरी मिल सकती है।
ट्रैफिक और सफर दोनों होंगे आसान
फिलहाल एक्वा मेट्रो में रोजाना करीब 60 हजार यात्री सफर करते हैं। नए रूट बनने के बाद यह संख्या बढ़कर करीब 2 लाख तक पहुंच सकती है। खासतौर पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले ऑफिस जाने वाले लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा।





