Virat Kohli: मैदान पर हर गेंद के साथ जोश और हर विकेट पर दहाड़ और जीत का जज्बा, विराट कोहली का यही अंदाज उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है। लेकिन सालों से एक सवाल क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय रहा है कि क्या विराट का यह एग्रेशन असली है या कैमरों के लिए किया गया प्रदर्शन? अब इस बहस पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने खुलकर अपनी राय रखी है। IPL 2026 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजंर्स बेंगलुरु को प्लेऑफ की दौड़ में बनाए रखने वाले विराट कोहली अचानक खराब दौर से गुजर रहे हैं। लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद उनके फॉर्म पर सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच मांजरेकर ने विराट के स्वभाव और उनके खेल की मानसिकता पर बड़ा बयान दिया।

कोहली गुस्से में बेहतर खेलते हैं
स्पोर्टस्टार के इनसाइट एज पॉडकास्ट पर बातचीत करते हुए मांजरेकर ने कहा कि विराट का मैदान पर दिखने वाला जुनून कोई नया दिखावा नहीं, बल्कि उनके क्रिकेट करियर की शुरुआत से ही उनकी पहचान रहा है। उनके मुताबिक दिल्ली के U19 दिनों से लेकर आज तक विराट का खेलने का अंदाज बिल्कुल वैसा ही है। मांजरेकर ने कहा कि कई लोग, यहां तक कि खिलाड़ी भी मानते हैं कि वह कैमरे के लिए ऐसा करते हैं। लेकिन वह इससे बिल्कुल सहमत नहीं हूं, क्योंकि उन्होंने इस खिलाड़ी को U19 लेवल से देखा है। वह हमेशा से इसी तरह खेलता आया है और यही चीज उसे आगे बढ़ाती रही है, बल्लेबाज के तौर पर भी। जब वह विपक्षी टीम पर गुस्सा होता है, तो और बेहतर खेलता है।
विराट कोहली का मैदान पर हर छोटी-बड़ी घटना पर एक जैसा आक्रामक रिएक्शन देना अक्सर लोगों को हैरान करता है। चाहे IPL में साधारण विकेट हो या वर्ल्ड कप का बड़ा पल, उनका जोश कभी कम नहीं दिखता। यही वजह है कि कई लोग इसे कैमरों के लिए किया गया व्यवहार मानते हैं। हालांकि मांजरेकर का मानना है कि यह विराट के व्यक्तित्व का स्वाभाविक हिस्सा है।
विराट के अंदर कमाल की एनर्जी
पूर्व क्रिकेटर ने यह भी माना कि 37 साल की उम्र में भी विराट की एनर्जी उन्हें चौंकाती है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर उम्र बढ़ने के साथ खिलाड़ियों का जोश थोड़ा शांत हो जाता है, लेकिन कोहली के साथ ऐसा नहीं हुआ। मांजरेकर ने कहा कि उन्हें लगा था कि इस उम्र में वह थोड़ा शांत हो जाएंगे। लेकिन वह उन्हें कैच लेते, रन आउट करते और मैदान पर जरूरत से ज्यादा ऊर्जा दिखाते देख रहे हैं। इस बातचीत के दौरान मांजरेकर ने विराट के व्यक्तित्व का एक और दिलचस्प पहलू सामने रखा। उन्होंने कहा कि बाहर से बेहद आत्मविश्वासी दिखने वाले विराट आलोचनाओं को लेकर काफी संवेदनशील भी हैं।
Khabar Monkey





