HealthViral

बड़े काम का पानी का पुराना गैलन, आपके इन 7 कामों को बना सकता है आसान

लगभग हर घर में कुछ ऐसे सामान जरूर होते हैं जो पुराने होने पर बेकार समझकर फेंक दिए जाते हैं या फिर स्टोर रूम में किसी कोने में धूल खा रहे होते हैं। लेकिन थोड़ी सी क्रिएटिविटी की मदद से इन्हीं चीजों को दोबारा उपयोगी बनाया जा सकता है। पुराने सामान को री-यूज करने से न सिर्फ पैसों की बचत होती है, बल्कि पर्यावरण को भी सुरक्षित रखने में मदद मिलती है। इन्हीं चीजों में से एक है पानी का पुराना गैलन। आमतौर पर जब गैलन खाली हो जाते हैं या फिर उनका इस्तेमाल खत्म हो जाता है, तो लोग उन्हें बेकार समझकर अलग रख देते हैं।

बड़े काम का पानी का पुराना गैलन, आपके इन 7 कामों को बना सकता है आसान
बड़े काम का पानी का पुराना गैलन, आपके इन 7 कामों को बना सकता है आसान

लेकिन इन पुराने गैलन को घर के कई छोटे-बड़े कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है। इन्हें स्टोरेज कंटेनर, गार्डनिंग और घर के कई अन्य कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है। आइए जानते हैं किन-किन कामों में इनका इस्तेमाल किया जा सकता है।

1- किचन में करें इस्तेमाल
पानी के गैलन का इस्तेमाल आप किचन के कई सामान को रखने के लिए कर सकते हैं। इसके लिए गैलन के ऊपरी हिस्से को सावधानी से काट लें। अब नीचे का बचा हुआ हिस्सा एक गहरे कंटेनर की तरह काम करेगा। आप इसमें दालें, चावल, चीनी या पैकेट वाले मसाले रख सकते हैं। चाहें तो इसके चारों ओर रंगी चार्ट पेपर लगाकर इसे थोड़ा सुंदर बना सकते हैं।

2- लगाएं पौधे
पानी की पुराने गैलन को आप गमले के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए गैलन को बीच से काट दें उसमें मिट्टी भरें और छोटे पौधे लगा दें। आप चाहें तो अपनी मनपसंद रंग से पेंट भी कर सकते हैं। इससे ये ज्यादा आकर्षक दिखते हैं। इसमें आप मनी प्लांट, एलोवेरा, तुलसी या फूल वाले पौधे आसानी से उगा सकते हैं।

3- बाथरूम में करें इस्तेमाल
पानी का पुराना गैलन बाथरूम के सामानों को व्यवस्थित तरीके से रखने में काम आ सकता है। इसमें आप फिनाइल, हार्पिक, ब्रश व अन्य सामान रख सकते हैं।

4- लॉन्ड्री बैग
खाली गैलन की मदद से आप एक खूबसूरत लॉन्ड्री बैग बना सकते हैं। इसके लिए गैलन के ऊपरी हिस्से को सावधानी से काटकर अलग कर दें, ताकि उसमें कपड़े आसानी से डाले जा सकें। कटे हुए किनारों को सैंडपेपर से अच्छी तरह चिकना कर लें या उन पर मोटा टेप चिपका दें, ताकि हाथ कटने का डर न रहे। इसके बाद गैलन के चारों ओर छोटे-छोटे छेद कर दें। इससे हवा आती-जाती रहेगी और गंदे कपड़ों से बदबू भी कम होगी। अब इसे आकर्षक लुक देने के लिए गैलन के बाहरी हिस्से पर जूट की रस्सी, रंगीन कपड़ा या सजावटी पेपर लपेट सकते हैं। इससे यह एक स्टाइलिश लॉन्ड्री बास्केट जैसा नजर आएगी। अंत में मजबूत रस्सी से दोनों तरफ हैंडल लगा दें, ताकि एक जगह से दूसरी जगह ले जाने में आसानी हो।

5- पानी देने के लिए स्प्रिंकलर तैयार करें
अगर आपके पास गार्डन स्प्रिंकलर नहीं है, तो घर में रखा खाली प्लास्टिक गैलन इस काम में इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए गैलन के ढक्कन के नीचे की तरफ किसी नुकीली चीज से छोटे-छोटे छेद कर दें। अब इसमें पानी भर लें और पौधों के ऊपर धीरे-धीरे डालें। छेदों से पानी शॉवर की तरह निकलेगा, जिससे पौधों में एक समान पानी पहुंचेगा।

6- झाड़ू-पोंछा के लिए बनाएं स्टैंड
पुराने पानी के गैलन को फेंकने की बजाए आप उसे झाड़ू-पोंछा और सफाई के सामान रखने के लिए एक उपयोगी स्टैंड में बदल सकते हैं। इसके लिए गैलन को लंबाई की दिशा में सावधानी से काट लें और उसे दीवार के पास या किसी कोने में रख दें। अब इसमें झाड़ू, पोछा, डस्टर, ब्रश और अन्य सफाई का सामान आसानी से व्यवस्थित तरीके से रखा जा सकता है।

Khabar Monkey

7- बच्चों के आ सकता है काम
पुराना और बेकार पड़ा पानी का गैलन बच्चों के काम आ सकता है। इससे मजेदार और क्रिएटिव DIY क्राफ्ट बनाया जा सकता है। सबसे पहले आप इसे बच्चों की मनपसंद के रंग से रंग दें और स्टिकर्स लगा दें। इसे खिलौने, पिगी बैंक, छोटी कार, मिनी स्टोरेज बॉक्स या पेंटिंग प्रोजेक्ट में बदला जा सकता है। इसके साथ ही अगर बच्चों के खिलौने इधर-उधर फेंके रहते हैं, तो गैलन के ऊपरी हिस्से को सावधानी से काट लें और उसमें खिलौने डालकर रख दें।

Leave a Reply