PBKS vs DC: IPL 2026 के सबसे अहम मुकाबलों में से एक में दिल्ली कैपिटल्स ने बड़ा दांव खेला। प्लेऑफ की उम्मीदें बचाने के लिए मैदान में उतरी दिल्ली ने पंजाब किंग्स के खिलाफ अपनी प्लेइंग इलेवन में पांच बड़े बदलाव किए, जिसमें सबसे चौंकाने वाला फैसला स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को बाहर बैठाना रहा। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में 11 मई को खेले जा रहे इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है, क्योंकि टीम अब तक 11 मैचों में सिर्फ चार जीत दर्ज कर पाई है और पिछले छह मुकाबलों में उसे पांच हार मिली हैं।

कुलदीप यादव प्लेइंग XI से बाहर
दिल्ली की प्लेइंग इलेवन को लेकर सबसे बड़ी चर्चा कुलदीप यादव को बाहर करने को लेकर रही। इस सीजन कुलदीप का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। उन्होंने 11 मैचों में सिर्फ सात विकेट लिए हैं और कई मौकों पर काफी महंगे साबित हुए हैं। पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स से हार के बाद अक्षर पटेल ने संकेत दिए थे कि टीम अगले सीजन की तैयारी को ध्यान में रखते हुए अपनी बेंच स्ट्रेंथ भी आजमा सकती है। दिल्ली ने कुलदीप के अलावा पथुम निसंका, नीतीश राणा, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा और विप्रज निगम को भी प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा। हालांकि इनमें से कुछ खिलाड़ी इम्पैक्ट सब की सूची में शामिल हैं।
बेन ड्वार्शुइस का डेब्यू
वहीं, पंजाब किंग्स ने लगातार तीन हार के बावजूद सिर्फ एक बदलाव किया। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज बेन ड्वार्शुइस को IPL डेब्यू का मौका मिला है। वह चोटिल लॉकी फर्ग्युसन की जगह टीम में शामिल हुए हैं, जिन्हें हल्की चोट की शिकायत है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली के ये बड़े बदलाव टीम को नई ऊर्जा दे पाते हैं या नहीं, क्योंकि एक और हार उनके प्लेऑफ सपनों को लगभग खत्म कर सकती है।
Khabar Monkey
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
दिल्ली कैपिटल्स (प्लेइंग इलेवन): केएल राहुल (विकेटकीपर), अभिषेक पोरेल, साहिल पारख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), माधव तिवारी, मुकेश कुमार, आकिब नबी डार, मिचेल स्टार्क, लुंगी एंगिडी।
दिल्ली कैपिटल्स इम्पैक्ट सब: पथुम निसांका, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, त्रिपुराना विजय।
पंजाब किंग्स (प्लेइंग इलेवन): प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, मार्को जानसन, बेन ड्वार्शुइस, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
पंजाब किंग्स इम्पैक्ट सब: हरप्रीत बराड़, यश ठाकुर, जेवियर बार्टलेट, विष्णु विनोद, प्रवीण दुबे।





