Roorkee: उत्तराखंड के लक्सर में चलती ट्रेन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई कानपुर की नवविवाहिता प्रज्ञा सिंह को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। पिछले 6 दिनों से जारी सघन तलाशी अभियान के बाद, पुलिस की संयुक्त टीम ने उन्हें बिहार के बेगूसराय जिले से ढूंढ निकाला। प्रज्ञा के सुरक्षित मिलने की खबर से उनके पति मनीष अग्रहरि और परिजनों ने राहत की सांस लिया है।
Khabar Monkey

क्या है पूरा मामला?
कानपुर के नौबस्ता निवासी मनीष अग्रहरि अपनी पत्नी प्रज्ञा के साथ केदारनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। 5 मई की रात दोनों नंदा देवी एक्सप्रेस (कोच संख्या B-2) में सवार थे। हरिद्वार और लक्सर के बीच जब मनीष की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि प्रज्ञा अपनी सीट से गायब थीं। चौंकाने वाली बात यह थी कि प्रज्ञा का मोबाइल और बाकी सारा सामान ट्रेन में ही रखा था।
जांच और बरामदगी की कड़ी
शुरुआती जांच में प्रज्ञा की मोबाइल लोकेशन लक्सर रेलवे ट्रैक के किनारे मिली थी, जिससे पुलिस को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। जीआरपी और सिविल पुलिस की कई टीमें तुरंत सक्रिय हुईं। सर्विलांस और मुखबिरों के जाल की मदद से आखिरकार पुलिस बेगूसराय तक पहुंची और महिला को बरामद किया।
रहस्य अभी भी बरकरार
प्रज्ञा लक्सर से सीधे बिहार कैसे पहुंचीं और अचानक ट्रेन से उतरने की वजह क्या थी, यह सवाल अभी भी पहेली बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला को वापस लाकर उनके औपचारिक बयान दर्ज किए गए। प्रज्ञा के बयानों के बाद ही इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की वास्तविक सच्चाई सामने आ पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई हैं।





