PM Modi on Operation Sindoor: भारत के सबसे सफल सैन्य अभियान ‘ऑपरेश सिंदूर’ को आज यानी गुरुवार को एक साल हो गए. 7 मई को ही भारत ने पाकिस्तान में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया था. भारत का ऑपरेशन सिंदूर पहलगाम अटैक का बदला था. ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने एक्स पर अपनी प्रोफाइल डीपी चेंज की है. पीएम मोदी ने गुरुवार को अपनी प्रोफाइल डीपी में ऑपरेशन सिंदूर की फोटो लगाई है. उन्होंने एक पोस्ट में यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के मौके पर पूरा देश हमारी सेनाओं की बहादुरी को सलाम करता है. वहीं, भारतीय वायुसेना ने एक वीडियो शेयर कर लिखा है कि भारत कुछ नहीं भूलता, भारत कभी नहीं माफ करता.’ वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य को याद किया.

ऑपरेशन सिंदूर पर पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘एक साल पहले हमारी सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बेमिसाल साहस, सटीकता और पक्का इरादा दिखाया था. उन्होंने उन लोगों को करारा जवाब दिया, जिन्होंने पहलगाम में बेकसूर भारतीयों पर हमला करने की हिम्मत की थी. पूरा देश हमारी सेनाओं की बहादुरी को सलाम करता है. Operation Sindoor ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के कड़े जवाब और देश की सुरक्षा की रक्षा के प्रति उसके पक्के इरादे को दिखाया. इसने हमारी सेनाओं के पेशेवरपन, तैयारी और मिलकर काम करने की ताकत को भी उजागर किया. साथ ही इसने हमारी सेनाओं के बीच बढ़ती एकता को भी दिखाया और इस बात पर ज़ोर दिया कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की भारत की कोशिश ने हमारी देश की सुरक्षा को कितनी ताकत दी है. आज, एक साल बाद भी, हम आतंकवाद को हराने और उसे बढ़ावा देने वाले पूरे सिस्टम को खत्म करने के अपने इरादे पर पहले की तरह ही मज़बूती से कायम हैं.’
Khabar Monkey
ऑपरेशन सिंदूर पर भारतीय वायुसेना की ओर से जारी वीडियो में पहलगाम आतंकी हमले, पीएम मोदी की आतंकियों को चेतावनी और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी कुछ झलकियां दिखाई गई हैं. वीडियो में दिखाया गया कि भारतीय सेना ने कैसे ऑपरेशन सिंदूर की तैयारी की और पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद किया. इसमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान और उसके सैन्य ठिकानों की तबाही की तस्वीर भी दिखाई गई.
राजनाथ सिंह ने भी सेना को किया सलाम
इधर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ” ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ पर हम अपने सशस्त्र बलों की वीरता को नमन करते हैं, जिनका साहस और समर्पण राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करता आ रहा है. इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेनाओं ने अद्वितीय सटीकता, बेहतरीन समन्वय और तीनों सेनाओं के बीच गहरी तालमेल का प्रदर्शन किया, जिसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया मानक स्थापित किया.’
उन्होंने आगे लिखा, “‘ऑपरेशन सिंदूर’ राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का एक सशक्त प्रतीक है. यह दर्शाता है कि जब भी देश के लिए सबसे महत्वपूर्ण घड़ी आती है, तो हमारे सशस्त्र बल निर्णायक कार्रवाई करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं.” रक्षा मंत्री ने कहा कि यह अभियान भारत के ‘आत्मनिर्भरता’ की दिशा में लगातार बढ़ते कदमों का भी प्रमाण है, जिसके माध्यम से हम अपनी क्षमताओं को बढ़ाते हुए अपनी सहनशक्ति और दृढ़ता को भी सुदृढ़ कर रहे हैं.
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘145 करोड़ भारत वासियों की एकजुटता, अदम्य इच्छाशक्ति, सशस्त्र सेनाओं के असाधारण पराक्रम और भारत की स्पष्ट नीति की गौरवशाली अभिव्यक्ति ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूर्ण होने पर देश वासियों को हार्दिक बधाई और भारतीय सेना के रणबांकुरों का हृदयतल से अभिनंदन.’
सीएम योगी पोस्ट में लिखा, ‘यह ऑपरेशन ‘नए भारत’ के आत्मविश्वास, साहस और निर्णायक नेतृत्व का सशक्त प्रतीक है. इसने विश्व को स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान से कोई समझौता नहीं करता है. हमारे वीर जवानों का शौर्य, त्याग और तप ही भारत की अजेय शक्ति है.राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा. यह विजयगाथा केवल इतिहास नहीं, भविष्य की प्रेरणा है.’





