Suvendu Adhikari PA Shot Dead: पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में मंगलवार देर रात बीजेपी के दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्र नाथ रथ की बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात के वक्त वह अपने एक साथी के साथ गाड़ी से जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें ओवरटेक कर रुकवाया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
Khabar Monkey

हमलावरों ने करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे सुभेंदु के सिर, सीने और पेट में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. बीजेपी नेता अर्जुन सिंह ने इसे सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार देते हुए आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सत्ता से जाते-जाते राज्य का माहौल बिगाड़ना चाहती हैं. उन्होंने इसे पेशेवर शार्प शूटरों और ‘जिहादियों’ का काम बताया है. चुनाव नतीजों के बाद राज्य में बढ़ी इस हिंसा ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
प्रदेश के अनेक हिस्सों से भाजपा और टीएमसी के कार्यर्ताओं के बीच टकराव की खबरें सामने आ रही हैं. इस बीच पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की कावायत तेज हो गई है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य के अनुसार 8 मई को विधायक दल की बैठक में नए नेता का चुनाव होगा जिसमें गृह मंत्री अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन मांझी पर्यवेक्षक रहेंगे. ऐतिहासिक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भूमि पर 9 मई को सुबह 10 बजे ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी और 20 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. भाजपा ने बंगाल की 68 एससी सीटों में से 51 और सभी 16 एसटी सीटों पर कब्जा जमाकर टीएमसी के गढ़ में बड़ी सेंध लगाई है. मतुआ समुदाय के समर्थन ने इस ऐतिहासिक जीत में निर्णायक भूमिका निभाई है.
इससे पहले मंगलवार रात सेंट्रल कोलकाता के ऐतिहासिक न्यू मार्केट (हॉग मार्केट) इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बुलडोजर के साथ पहुंचे एक ग्रुप ने कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक कार्यालय को निशाना बनाया. जानकारी के मुताबिक, न्यू मार्केट यूनियन का टीएमसी कार्यालय इस कार्रवाई का मुख्य लक्ष्य था, जिसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. घटना के वीडियो और तस्वीरें तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिससे इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया. घटना के बाद घबराए दुकानदारों ने अपनी दुकानें तुरंत बंद कर दीं और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए. यह इलाका कोलकाता के सबसे व्यस्त व्यापारिक केंद्रों में से एक माना जाता है, जहां अचानक हुई इस घटना ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया. दूसरी तरफ, पश्चिम बंगाल में अगले मुख्यमंत्री को लेकर भी कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है. बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने वाली है.
कोलकाता के न्यूज मार्केट में बुलडोजर चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए न्यू मार्केट और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव बरकरार है. घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो साझा करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने लिखा, ‘कोलकाता का ऐतिहासिक न्यू मार्केट. बंगाली ‘परिवर्तन’ का जश्न मना रहे हैं.’ टीएमसी के एक अन्य वरिष्ठ नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने भी आरोप लगाया कि यह कार्रवाई प्रशासन की मौजूदगी में की गई. उन्होंने दावा किया कि पुलिस की अनुमति से बुलडोजर लाकर दुकानों और कार्यालय को तोड़ा गया, जबकि केंद्रीय बल के जवान मौके पर मौजूद थे. वहीं, स्थानीय निवासियों और कुछ व्यापारियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जिस ढांचे को तोड़ा गया, वह अवैध निर्माण था. उनका कहना है कि यह जगह पहले एक दुकानदार से जबरन ली गई थी और बाद में उसे यूनियन कार्यालय में बदल दिया गया.
TMC का आरोप
टीएमसी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए. पार्टी ने दावा किया कि बीजेपी समर्थकों की भीड़ ने इलाके में हिंसा और तोड़फोड़ की, जिससे व्यापारियों में दहशत फैल गई. टीएमसी ने इसे गुंडागर्दी और बुलडोजर राजनीति करार देते हुए कहा कि वह ऐसे प्रयासों का विरोध करेगी. टीएमसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी आरोप लगाए कि उनके नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं को इस तरह की कार्रवाई के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है. साथ ही केंद्रीय बलों पर मूक दर्शक बने रहने का आरोप भी लगाया गया, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. चुनाव परिणामों के बाद राज्य में बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच यह घटना स्थिति को और संवेदनशील बना सकती है.





