Silver and Gold Price: मिडिल-ईस्ट में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। सोमवार को एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। हफ्ते के पहले दिन, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी गिरावट के साथ लाल निशान में ट्रेड कर रहे हैं। सुबह 10.36 बजे के आसपास 5 जून की डिलीवरी वाला सोना 0.30 प्रतिशत (452 रुपये) की गिरावट के साथ 1,50,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा था। जबकि, 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी की कीमतें 0.56 प्रतिशत (1415 रुपये) की गिरावट के साथ 2,49,522 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी।

आज MCX पर कैसा चल रहा है सोने और चांदी का भाव
सोमवार को 5 जून की डिलीवरी वाला सोना गिरावट के साथ 1,51,150 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर खुला, जो पिछले हफ्ते गुरुवार को 1,51,352 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर बंद हुआ था। आज कारोबार के दौरान सोने की कीमत 1,51,347 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे हाई से लेकर 1,50,860 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच चुका है। वहीं दूसरी तरफ, 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी की कीमतें आज गिरावट के साथ 2,50,699 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर खुली, जो पिछले हफ्ते गुरुवार को 2,50,937 रुपये के भाव पर बंद हुई थी। आज कारोबार के दौरान, चांदी का भाव 2,51,231 रुपये प्रति किलोग्राम के इंट्राडे हाई से लेकर 2,49,522 रुपये प्रति किलोग्राम के इंट्राडे लो तक पहुंच चुका था।
Khabar Monkey
गुरुवार को सर्राफा बाजार में तेज बढ़त के साथ बंद हुआ था सोने का भाव
बताते चलें कि पिछले हफ्ते गुरुवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने के भाव में अच्छी बढ़त दर्ज की गई थी। जबकि, चांदी के दाम में गिरावट देखने को मिली थी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 1800 रुपये की गिरावट के साथ 2,42,700 रुपये प्रति 1 किलोग्राम पर आ गई थी। चांदी के अलावा, दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने के भाव में 2000 रुपये की बढ़ोतरी हुई और ये 1,54,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। बताते चलें कि पिछले हफ्ते शुक्रवार को मजदूर दिवस, महाराष्ट्र दिवस के मौके पर एमसीएक्स और सर्राफा बाजार बंद थे।





