HealthViral

मनाली जाएं तो इन 7 जगहों पर जरूर जाएं घूमने, शांत और खूबसूरत होता है नजारा

गर्मी में अक्सर लोग बढ़ते तापमान से राहत पाने के लिए ठंडे हिल स्टेशन पर छुट्टियां मनाने जाते हैं। भारत में कई ऐसे हिल स्टेशन हैं जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शानदार वादियों के लिए मशहूर हैं, जिसमें से एक मनाली भी है। मनाली अपनी प्राकृतिक सुंदरता के अलावा, बर्फ से ढके पहाड़ों, सुहावने मौसम और रोमांचक एडवेंचर के लिए मशहूर है। यहां हर साल लाखों पर्यटक घूमने के लिए जाते हैं। लेकिन मनाली के पास ही कई सारी और भी कई खूबसूरत जगहें हैं, जहां का शानदार नजारा देखने लायक होता है।

मनाली जाएं तो इन 7 जगहों पर जरूर जाएं घूमने, शांत और खूबसूरत होता है नजारा
मनाली जाएं तो इन 7 जगहों पर जरूर जाएं घूमने, शांत और खूबसूरत होता है नजारा

1- सोलांग वैली
मनाली जब भी जाएं तो एक बार सोलांग वैली जरूर जाएं। इसे स्नो पॉइंट भी कहा जाता है। मुख्य रूप से यह एडवेंचर खेलों और शानदार प्राकृतिक नजारों के लिए मशहूर है। सोलांग वैली में पैराग्लाइडिंग, स्कीइंग, जिप-लाइनिंग और जॉर्बिंग जैसी गतिविधियां कराई जाती हैं।

2- रोहतांग पास
मनाली से करीब 51 किमी दूर स्थित रोहतांग पास अपनी प्राकृतिक सुंदरता और बर्फ से ढके पहाड़ों के लिए मशहूर हैं। यहां से ऊंचे-ऊंचे बर्फ के पहाड़ देख सकते हैं। रोहतांग पास में ही अक्सर बर्फबारी होती रहती है। रोतांग स्कीइंग और स्नो बाइक जैसी एडवेंचरस गतिविधियों के लिए भी मशहूर है। पर्यटकों के लिए यह जगह मई से नवंबर तक खुला रहता है।

3-जोगिनी वॉटरफॉल
जोगिनी वॉटरफॉल अपने प्राकृतिक सुंदरता और शांत माहौल के लिए जाना जाता हैं। यहां पहुंचने के लिए छोटा सा ट्रेक करना पड़ता है। भीड़-भाड़ से दूर प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताने के लिए यहां जा सकते हैं। ट्रेकिंग के दौरान आपको रास्ते में सेब के बाग, छोटे-छोटे गांव और हरे-भरे जंगल देखने को मिलेंगे। जोगिनी वॉटरफॉल करीब 150 फीट की ऊंचाई से गिरता है, जो देखने में काफी सुंदर लगता है। पानी बेहद ठंडा और साफ होता है।

4- हडिंबा देवी टेंपल
मनाली में स्थित हडिंबा देवी मंदिर काफी प्रसिद्ध है। यह प्राचीन मंदिर घने देवदार के जंगलों के बीच बना हुआ है। मंदिर चारों तरफ से ऊंचे-ऊंचे देवदार के पेड़ों से घिरा हुआ है। यहां का वातावरण बेहद शांत और ठंडा रहता है। पेड़ों के बीच से आती हल्की धूप और ठंडी हवा मन को सुकून देती है।

5- वशिष्ठ हॉट स्प्रिंग्स
वशिष्ठ हॉट स्प्रिंग्स में एक कुंड है जिसका पानी प्राकृतिक रूप से गर्म रहता है। पानी का तापमान सालभर गर्म रहता है। माना जाता है कि इस पानी में स्नान करने से स्किन से जुड़ी समस्याओं और बॉडी पेन से राहत मिलती है। यहां से ब्यास नदी और पहाड़ों के शानदार दृश्य देखने को मिलते हैं। भीड़भाड़ से दूर यहां सुकून के पल बिताने जा सकते हैं।

6- कसौल
कसौल हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत पार्वती वैली में बसा एक छोटा लेकिन बेहद लोकप्रिय हिल स्टेशन है। मनाली से यह 70-75 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसे मिनी इजरायल भी कहा जाता है, क्योंकि यहां पर इजरायली पर्यटक काफी आते हैं। पार्वती नदी के किनारे बसा कसौल चारों ओर पहाड़ और घने जंगलों से घिरा हुआ है।

7- खीरगंगा
अगर आपको ट्रेकिंग पसंद है तो खीरगंगा जरूर जाएं। मनाली से यहां तक पहुंचने में 3-4 घंटे का समय लग सकता है। खीरगंगा अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, एडवेंचर और गर्म पानी के कुंड के लिए जाना जाता है। यहां से बर्फ से ढके पहाड़, सनसेट और सनराइज का अद्भुत नजारा देखने को मिलता है। इसके साथ ही रात में साफ आसमान में ढेर सारे तारे दिखाई देते हैं।


Leave a Reply