उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से मंडी परिषद के डायरेक्टर इंद्र विक्रम सिंह का अपने अधीनस्थ काम करने वाले उन्नाव नवीन मंडी के सचिव को फटकार लगाते नजर आने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडिओ 1 मिनट 40 सेकेंड का है. वीडियो में वह मंडी सचिव से यह कहते नजर आ रहे की “तुम्हारा दिमाग बंदरो जैसा है. तुम कार्य करने में अक्षम हो और मानसिक और शारीरिक रूप से फिट नहीं हो, इसलिए छुट्टी लेकर घर पर आराम करो. तुम हमारे किसी काम के नहीं हो.”

दरअसल, गुरुवार को मंडी परिषद के डायरेक्टर इंद्र बिक्रम सिंह उन्नाव स्थित नवीन मंडी का निरक्षण करने पहुंचे थे. मंडी परिसर में फैली अव्यवस्था और शौचालय में ताला बंद देख मंडी सचिव को जमकर फटकार लागते हुए नजर आए. वह मंडी सचिव से यह कहते दिख रहे हैं की शौचालय यूज करने के लिए है या बंद रखने के लिए. महीने में 100 रुपये लेकर सफाई और टेकर की व्यवस्था की जा सकती है. इस पर मंडी सचिव बताते हैं कि कोई भी व्यापारी सहयोग नहीं करता है. मंडी सचिव के जवाब से तमतमाए डायरेक्टर बोलते हैं कि तुम असफल और असक्षम व्यक्ति हो…तुम्हारा दिमाग बंदरों जैसा है.
‘घर में रहो और विश्राम करो’
डायरेक्टर मौके पर मौजूद कर्मचारियों से पूछते हैं, इसके (मंडी सचिव) के बाद कौन है, जिसको चार्ज दिया जा सके. मंडी सचिव से बोलते हैं कि घर में रहो और विश्राम करो. साथ ही वह वहां मौजूद विभागीय अधिकारियों से कहते हैं कि प्रस्ताव बनाकर भेजो… निलंबित न करना. मंडी सचिव के शारीरिक अक्षमता, मानसिक रूप से स्वस्थ न होने और नकारात्मक दृष्टिकोण के कारण निदेशक द्वारा निर्णय लिया गया. डायरेक्टर ने कहा की आदेश जारी कर उसकी एक प्रति हमारे पास भेज देना. गलती की है तो घर पर आराम करो, नहीं तो शौचालय में चारपाई डालकर रहो. बाहर से ताला बंद कर देता हूं.
सचिव पर क्यों भड़के डायरेक्टर?
नवीन मंडी सचिव सुधीर ने बताया कि शौचालय रोजाना खुलता है, सफाई भी होती है. शौचालय की रखरखाव के लिए एक लड़का भी रखा था. बताया की कुछ दिन पहले व्यापारियों का शौचालय केयर टेकर से विवाद हुआ था, जिसमें व्यापारियों ने केयरटेकर की पिटाई कर दी थी, जिसके चलते केयर टेकर चला गया. कोई केयरटेकर ना होने के कारण शौचालय में ताला बंद करवा दिया गया था, जिसको लेकर साहेब नाराज हो गए थे. साथ ही बताया कि अभी तक हम ही मंडी के सचिव की पोस्ट पर तैनात हैं. एडीएम सुशील कुमार ने बताया की तीन दिन पहले डायरेक्टर ने नवीन मंडी का निरीक्षण किया था. अव्यवस्था देख वह नाराज हो गए थे, बताया की नवीन मंडी का सचिव अपने पद पर तैनात है.





