दिल्ली पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला सोना उर्फ सोनिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला घरेलू नौकरानी का काम करती है। उसने अपने घर को खतरनाक कुत्तों (पिटबुल, अमेरिकन बुली आदि) से घेरकर “डॉग फोर्ट्रेस” बना रखा था ताकि पुलिस अंदर न आ सके।

कैसे हुआ मामले का खुलासा?
दरअसल, दिल्ली पुलिस को अप्रैल महीने में शिकायत मिली थी कि शालीबार बाग में घरेलू नौकरानी के द्वारा एक घर में गोल्ड की चोरी की गई है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस महिला तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने चोरी के सोने के गहनों को गिरवी रखकर लगभग 5 लाख का लोन लिया था।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला के 15 गोल्ड लोन अकाउंट्स भी है। लगभग 2 किलो सोने के गहने अलग-अलग बैंक और फाइनेंस कंपनियों में ट्रेस किए गए हैं। उसके पास से 1 लाख नकद बरामद किए गए है। आरोपी महिला पहले भी कई मामलों में शामिल रही है।
पुलिस से बचने के लिए घर में पाले 15 खूंखार कुत्ते
उसका चोरी की वारदातों को अंजाम देने का तरीका भी ऐसा था कि सामान्य रूप से किसी को शक ही नहीं हो सकता। वह चोरी के गहनों को बैंक में गिरवी रखकर लोन लेती थी और घर में पुलिस न पहुंचे इसके लिए उसने 15 खूंखार कुत्ते पाल रखे थे। कुत्तों के डर के चलते कोई उसके घर में नहीं आ पाता था और लोग डरते थे। पुलिस को अंदर आने से रोकने के लिए खूंखार पिटबुल, अमेरिकन बुली और हाइब्रिड कुत्तों का एक सुरक्षित किला बनाया हुआ था।
सभी बैंक अकाउंट फ्रीज
पुलिस की छापेमारी में उसके मुथूट फिनकॉर्प, मुथूट फाइनेंस बैंक और फेड बैंक में लगभग 2 किलोग्राम सोने के गहने मिले हैं। फिलहाल उसके सभी बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए गए हैं। बाकी चोरी का सामान वापस पाने के लिए कई एजेंसियां कोशिश कर रही हैं।
–





