Ranveer Singh Pralay: ‘धुरंधर 2’ की सफलता के बाद रणवीर सिंह ने तुरंत एक और बड़ी फिल्म को लेकर तैयारी शुरू कर दी. उस फिल्म का नाम है ‘प्रलय’, जो एक जॉम्बी थ्रिलर फिल्म है. जय मेहता डायरेक्शन की कमान संभाल रहे हैं. आए दिन इस फिल्म से जुड़ा कोई न कोई अपडेट सामने आते रहता है. हाल ही में सोशल मीडिया पर इस फिल्म को लेकर ऐसी अफवाह उड़ी की रणवीर सिंह और जय मेहता के बीच रचनात्मक मतभेद होने की वजह से फिल्म अटक गई है. इससे रणवीर सिंह के वो फैंस निराश हो गए, जो उनकी इस फिल्म के इंतजार में थे. हालांकि, अब ऐसी जानकारी सामने आई है कि ऐसा कुछ भी नहीं है. मेकर्स के साथ रणवीर सिंह का कोई भी विवाद नहीं है. फिल्म का काम सही से चल रहा है.

फिल्म प्रोडक्शन से जुड़े एक इनसाइडर ने बताया कि जो बातें हो रही हैं वो बेबुनियाद हैं. फिल्म का काम ट्रैक पर है और इसी साल अगस्त में इसकी शूटिंग शुरू होगी. वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट में इनसाइडर के हवाले से ये भी कहा गया कि रणवीर और जय के बीच लगातार बातचीत हो रही है और उन्होंने स्क्रिप्ट को अंतिम रूप दे दिया है. ये प्रोजेक्ट प्री-प्रोडक्शन स्टेज में हैं और पूरी टीम इस फिल्म के लिए तैयार है.
‘प्रलय’ का बजट
कहा जा रहा है कि इस फिल्म में बिल्कुल नए लुक में नजर आएंगे. इस फिल्म में खूब सारा VFX भी होने वाला है. मेकर्स इसमें किसी भी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं. कथित तौर पर इस प्रोजेक्ट का बजट 300 करोड़ रुपये है.
–
आदित्य धर के साथ नए प्रोजेक्ट के लिए बातचीत
ऐसी भी चर्चा है कि रणवीर ‘धुरंधर’ के डायरेक्टर आदित्य धर के साथ एक और फिल्म के लिए कोलैबोरेट करने वाले हैं. अभी बातचीत जारी है और ‘प्रलय’ का काम खत्म करने के बाद रणवीर उस प्रोजेक्ट से जुड़ सकते हैं. हालांकि, अभी तक उन्होंने कोई और फिल्म साइन नहीं की है. वो सिर्फ ‘प्रलय’ पर ही काम कर रहे हैं. अभी फिल्म की रिलीज डेट का तो ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि अगले साल ये फिल्म रिलीज हो सकती है.




