Wednesday, April 29, 2026
Viral

कोटा के सिटी मॉल में लगी भीषण आग, खाली कराई गई बिल्डिंग; धुएं से फैली दहशत

कोटा के सिटी मॉल में लगी भीषण आग, खाली कराई गई बिल्डिंग; धुएं से फैली दहशत

कोटा। Kota News: कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित सिटी मॉल में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। आग दूसरी मंजिल पर बर्गर किंग आउटलेट के पास लगी, जिसके बाद पूरे मॉल में धुआं फैल गया और अफरा-तफरी मच गई। दमकल की 12 से अधिक गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

कोटा शहर के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित झालावाड़ रोड पर बुधवार सुबह सिटी मॉल में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग मॉल की दूसरी मंजिल पर उस समय भड़की जब अधिकांश दुकानें बंद थीं।

सूचना के बाद तुरंत पहुंची दमकल टीमें
घटना की सूचना सुबह करीब 10:30 बजे मिली, जिसके महज 10 मिनट के भीतर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए कोटा शहर के विभिन्न इलाकों जैसे सब्जी मंडी, श्रीनाथपुरम, भामाशाह मंडी के साथ-साथ कोटा थर्मल और डीसीएम से भी दमकलें मंगाई गईं। कुल 12 से अधिक दमकल वाहन लगातार आग बुझाने में जुटे रहे।

बर्गर किंग आउटलेट के पास लगी आग
दमकल विभाग के अनुसार आग मॉल के ऊपरी हिस्से में बर्गर किंग रेस्टोरेंट के पास लगी, जिसके बाद तेजी से धुआं और लपटें फैल गईं। आग लगने के करीब डेढ़ घंटे बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया, हालांकि अभी भी दूसरे फ्लोर पर भारी मात्रा में धुआं मौजूद है।

मॉल खाली कराया गया, लोग घबराकर बाहर भागे
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने तुरंत मॉल को खाली कराया। मॉल में मौजूद लोग घबराकर बाहर भागते नजर आए, जबकि कुछ लोग घटना का वीडियो बनाते भी देखे गए। आसपास के क्षेत्र में करीब 1 से 2 किलोमीटर तक धुआं फैल गया, जिससे लोगों को दूर हटाया गया। सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया। फिलहाल मॉल में एंट्री बंद कर दी गई है।

क्या बोले जिला कलेक्टर?
जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि आग की सूचना सुबह लगभग 10:30 बजे मिली थी, जिसके बाद तुरंत फायर, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि आग पर लगभग नियंत्रण पा लिया गया है और अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

मॉल फिलहाल बंद, सुरक्षा जांच जारी
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की जांच जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सुरक्षा कारणों से सिटी मॉल को बंद रखा गया है और सुरक्षा जांच व ड्रिल के बाद ही इसे दोबारा खोला जाएगा।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply