Dhanush Next Bollywood Movie: साउथ और हिंदी सिनेमा में अपनी बड़ी पहचान बना चुके अभिनेता धनुष अब संजय लीला भंसाली के साथ काम करेंगे. उन्होंने संजय लीला भंसाली की एक मायथोलॉजिकल जंगल ड्रामा साइन की है. इस फिल्म को संजय लीला भंसाली अपने प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले प्रोड्यूस कर रहे हैं. वहीं पी. एस. मित्रन इस फिल्म का निर्देशन करने वाले हैं. मित्रण इससे पहले ‘इरुंबू तिराई’, ‘हीरो’ और ‘सरदार’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं.

और धनुष की इस फिल्म के जरिए मित्रन अपना बॉलीवुड डेब्यू करेंगे. मित्रन और धनुष की साथ में ये पहली फिल्म होने वाली है. वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक पी. एस. मित्रन भंसाली प्रोडक्शन में बनने वाली ‘राउडी राठौर 2’ का निर्देशन करने वाले थे. पर ये प्रोजेक्ट कभी फ्लोर पर आ ही नहीं सका. उसके बाद से ही भंसाली और मित्रन किसी नए प्रोजेक्ट की तलाश कर रहे थे. दोनों कई आडियाज़ पर विचार विमर्श कर रहे थे, तभी इस फिल्म का आइडिया सामने निकल कर आया.
राम चरण से नहीं बनी बात, धनुष को मिला रोल
स्टोरी में कई बार बदलाव और इसे सही करने के बाद फाइनली कुछ महीने पहले इसे लॉक कर दिया गया था. उसके बाद से ही इसके लीड हीरो की तलाश जारी थी, जो कि अब धनुष पर आकर खत्म हो गई है. धनुष से पहले मेकर्स इस फिल्म के लिए पैन इंडिया स्टार राम चरण से भी बात कर रहे थे. हालांकि अंत में ये रोल धनुष की झोली में गया.
बॉलीवुड में धनुष की सबसे बड़ी फिल्म!
भंसाली प्रोडक्शन की इस फिल्म को धनुष की अब तक की सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्म बताया जा रहा है. धनुष ने बॉलीवुड में आनंद एल राय के साथ 3 फिल्में की हैं और तीनों की कामयाब रही हैं. उन्होंने ‘रांझणा’, ‘अतरंगी रे’ और ‘तेरे इश्क में’ जैसी फिल्मों में लीड रोल निभया है. हालांकि इस बार धनुष एक अलग तरह की फिल्म में अलग तरह का रोल करते दिखाई देंगे. इस फिल्म की शूटिंग अगले साल यानी 2027 की शुरुआत में शुरू होगी.





