रणवीर सिंह ने साल 2018 में आई संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ में सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी बनकर हर किसी को हैरान कर दिया था. उनका वो निगेटिव किरदार दर्शकों को खूब पसंद आया था. अब करीब 8 साल बाद रणवीर सिंह ‘धुरंधर 2’ के जरिए दर्शकों के फेवरेट बन गए हैं. ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ में उनके निभाए किरदार को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं. पर रणवीर सिंह को कौन सा रोल ज्यादा चैलिंज लगा? इस बारे में एक्टर के बिज़नेस पार्टनर और सुपरयू के को-फाउंडर निकुंज बियानी ने बताया है.

निकुंज ने एक इंटरव्यू में रणवीर सिंह की तारीफ करते हुए बताया, “मैंने ‘धुरंधर’ के दोनों पार्ट का फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखा. मुझे वो बहुत पसंद आई. ‘धुरंधर 2’ मेरे लिए, अब तक की सबसे अच्छी फिल्म है. मुझे पार्ट 1 भी अच्छी लगी थी, लेकिन पार्ट 2 की बात ही कुछ और थी. मैं अपनी सीट से हिल तक नहीं सका. मैंने पलके भी नहीं झपकाईं.”
रणवीर से हुई बातचीत का किया जिक्र
इस दौरान उन्होंने से इस रोल को लेकर हुई उनकी बातचीत के बारे में भी बताया. वो कहते हैं, “एक बार हम उनसे बात कर रहे थे. और हमने उनसे पूछा कि क्या तुम खिलजी जैसा कोई इतना मुश्किल किरदार निभाओगे. उन्होंने कहा, ‘ये कैरेक्टर (हमजा) एक आर्टिस्ट के तौर पर मेरे लिए और भी ज्यादा चैलेंजिंग रहा है. इसने मेरे अंदर से बहुत कुछ बाहर निकाला है. मुझे बहुत गहराई में जाना पड़ा और अपना 300 फीसदी देना पड़ा. ये बहुत मुश्किल रोल था.’ और जब आप इसे देखते हैं, आप सोचने लगते हैं, ये क्या था? उसने साबित कर दिया है कि वो GOAT (ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम है. ये सच है, वो पागल है.”
पद्मावत हुई थी ब्लॉकबस्टर
गौरतलब है कि रणवीर सिंह ने जब ‘पद्मावत’ में खिलजी का रोल निभाया था, तब उन्होंने खुद को 21 दिनों के लिए सबसे अलग कर लिया था और एक अंधेरी सी जगह पर रहने लगे थे, ताकि वो पूरी तरह से कैरेक्टर में आ जाएं. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी और इसने वर्ल्डवाइड 585 करोड़ रुपये की छप्परफाड़ कमाई की थी. ‘पद्मावत’ में रणवीर सिंह के अलावा दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर भी लीड रोल में नज़र आए थे.





