Sanjay Dutt Song Choli ke Pichhe Kya hai: बॉलीवुड से लेकर टॉलीवुड तक की इंडस्ट्री में कई ऐसे गाने रहे हैं, जिनपर काफी विवाद हुआ है. हाल ही में नोरा फतेही का गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ और बादशाह का गाना ‘टटीरी’ अपने लिरिक्स की वजह से कंट्रोवर्सी में रहे. हालांकि, इनसे पहले भी कई ऐसे गाने आए हैं, जिनके लिरिक्स को लेकर काफी विवाद गर्माया है. इन्हीं गानों में संजय दत्त का भी एक गाना शामिल है. संजय दत्ता का ये गाना 33 साल पहले आई फिल्म का है, जिसके लिरिक्स पर काफी सवाल खड़े हुए थे. इतना ही नहीं, इस सॉन्ग पर विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया था कि इसे दूरदर्शन और ‘ऑल इंडिया रेडियो’ जैसे प्लेटफॉर्म से बैन कर दिया गया था.

हम जिस गाने की बात कर रहे हैं, वो है संजय दत्त का गाना ‘चोली के पीछे क्या है’. ये गाना संजय दत्त की 1993 में आई फिल्म ‘खलनायक’ का है. 33 साल पहले आई इस गाने ने पूरे देशभर में बवाल मचा दिया था. इस गाने के लिरिक्स पर संसद में भी काफी चर्चा हुई थी और कोर्ट में केस भी हुए थे. बावजूद इसके ये फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई.
संजय दत्त का गाना चोली के पीछे क्या है
90 के दशक में आया आइकॉनिक गाना ‘चोली के पीछे क्या है’ आज भी शादी-पार्टी और फंक्शन में सुनाई देता है. इस गाने के बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे, जिसे आवाज दी थी अलका याग्निक और इला अरुण ने. ये गाना संजय दत्त की ‘खलनायक’ फिल्म में माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया था. माधुरी दीक्षित के अलावा इस गाने में नीना गुप्ता भी नजर आई थीं. इस गाने को संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने बनाया था. 33 साल पहले आया ‘चोली के पीछे क्या है’ गाना आज भी बेहद पॉपुलर है. 4 साल पहले इस गाने का वीडियो यूट्यूब पर शेयर किया गया और इसपर 35 मिलियन से ज्यादा व्यूज हैं.
विवाद के बावजूद हुआ सुपरहिट
‘चोली के पीछे क्या है’ भले ही आज आइकॉनिक और टॉप आइटम सॉन्ग की लिस्ट में शुमार हो. लेकिन रिलीज होते ही इसपर कंट्रोवर्सी खड़ी हो गई थी. इस गाने के ‘डबल मीनिंग’ बोल के चलते इसपर जमकर हंगामा बरपा था. ‘चोली के पीछे क्या है’ गाने पर मचे बवाल ने फिल्म और म्यूजिक कंपनी को मालामाल कर दिया था. भारी प्रदर्शन और बैन के बावजूद ‘चोली के पीछे क्या है’ इतना पॉपुलर हुआ कि महज 7 दिनों के अंदर इसके 1 करोड़ ऑडियो कैसेट बिक गए थे और ये सुपरहिट रहा. इस सॉन्ग को मेल वर्जन में भी रखा गया था, जिसपर संजय दत्त ने डांस किया था.





