Viral

न ऑफिस जाने की फिक्र-न घर पर किचकिच की टेंशन…दुबई में अब होगा वर्क फ्रॉम पार्क

आपने अब तक वर्क फ्रॉम ऑफिस (work from office), या र्क फ्रॉम होम (work from home) तो सुना होगा, लेकिन क्या आपने कभी वर्क फ्रॉम पार्क (Work from Park) सुना है, यकीनन आपका जवाब न होगा. लेकिन अब दुबई में इसकी शुरूआत की गई है, जहां लोग अब आराम से पार्क में बैठकर ऑफिस का काम कर सकते हैं.

न ऑफिस जाने की फिक्र-न घर पर किचकिच की टेंशन…दुबई में अब होगा वर्क फ्रॉम पार्क
न ऑफिस जाने की फिक्र-न घर पर किचकिच की टेंशन…दुबई में अब होगा वर्क फ्रॉम पार्क

दुबई ने बदलते वर्क कल्चर को ध्यान में रखते हुए एक अनोखी पहल वर्क फ्रॉम पार्क शुरू की है. इस पहल का मकसद सार्वजनिक पार्कों को ऐसे स्थानों में बदलना है, जहां लोग काम करने के साथ-साथ आराम भी कर सकें और एक दूसरे से जुड़ भी सकें. दरअसल शहर काम करने की बदलती आदतों के अनुकूल होने और जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने की कोशिश कर रहा है.

दुबई म्युनिसिपैलिटी की पहल

जानकारी के मुताबिक इस कार्यक्रम को दुबई नगरपालिका (Dubai Municipality) द्वारा लॉन्च किया गया है. इसके तहत पार्कों में विशेष वर्कस्पेस बनाए जाएंगे. जिससे पेशेवर लोग खुले, प्रकृति-आधारित वातावरण में काम कर सकेंगे. इसका मकसद पार्कों को दिनभर ज्यादा उपयोगी बनाना और साथ ही दूरस्थ कर्मचारियों, फ्रीलांसरों और छोटे व्यवसायों को सहयोग प्रदान करना है.

ग्रुप अमाना और लेट्सवर्क के साथ करार

इस परियोजना के लिए नगर पालिका ने कार्यस्थलों के डिजाइन, निर्माण और संचालन के लिए ग्रुप अमाना ( Group AMANA) और लेट्सवर्क ( Letswork ) के साथ समझौते किए हैं. ये कंपनियां इन वर्कस्पेस को डिजाइन, निर्माण और संचालन में अहम भूमिका निभाएंगी. यह परियोजना दुबई शहरी योजना 2040, दुबई 2040 पार्क और हरियाली रणनीति एवं दुबई आर्थिक एजेंडा डी33 जैसी व्यापक दीर्घकालिक योजनाओं के अनुरूप भी है.

पहला प्रोजेक्ट मई 2026 में होगा शुरू

इस पहल का पहला केंद्र मई 2026 में अल बरशा पॉन्ड पार्क (Al Barsha Pond Park) में शुरू होगा. यहां मॉड्यूलर वर्कस्पेस बनाए जाएंगे, जिन्हें पार्क के प्राकृतिक परिवेश में सहजता से घुलमिल जाने के लिए डिज़ाइन किया गया है. साल के अंत तक दुबई के अन्य पार्कों में भी ऐसे केंद्र शुरू करने की योजना है.

दुबई नगर पालिका के सार्वजनिक सुविधा एजेंसी के सीईओ बदर अनवाही ने कहा ‘दुबई नगर पालिका की वर्क फ्रॉम पार्क पहल सार्वजनिक पार्कों को भविष्य के लिए तैयार शहरी स्थानों में बदलने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जो आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाते हैं’. उन्होंने आगे कहा कि ये साझेदारियां आधुनिक कार्य पद्धतियों के अनुरूप लचीला और टिकाऊ बुनियादी ढांचा तैयार करने में मदद करेंगी.

मॉड्यूलर तकनीक का इस्तेमाल

इन वर्कस्पेस के निर्माण में मॉड्यूलर तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसे ग्रुप अमाना ( Group AMANA) की डुबॉक्स डिवीजन (DuBox division) द्वारा विकसित किया जाएगा. इस तकनीक के जरिए यूनिट्स को पहले ही तैयार कर साइट पर जल्दी से स्थापित किया जा सकेगा. इससे समय की बचत के साथ पर्यावरणीय प्रभाव भी कम होगा.

ग्रुप अमाना के सीईओ रिचर्ड अब्बाउड ने कहा, ‘हमें ‘वर्क फ्रॉम पार्क’ पहल का हिस्सा बनकर खुशी हो रही है’. उन्होंने आगे कहा कि मॉड्यूलर निर्माण कुशल और अनुकूलनीय कार्य वातावरण को सक्षम बनाता है.

यूजर्स को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

संचालन का जिम्मा लेट्सवर्क (Letswork) संभालेगा. जिसके प्लेटफॉर्म के जरिए से लोग इन वर्कस्पेस को आसानी से बुक कर सकेंगे.यहां हॉट डेस्क, इवेंट एरिया, पॉडकास्ट स्टूडियो और क्रिएटिव प्रोडक्शन स्पेस जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.यह पहल कंटेंट क्रिएटर्स के लिए रचनात्मक स्थान और उपकरण भी पेश करेगी. इस परियोजना में कार्यशालाएं, प्रशिक्षण सत्र और सहयोगी कार्यक्रम भी शामिल होंगे जिनका उद्देश्य दुबई की बढ़ती रचनात्मक अर्थव्यवस्था के भीतर उद्यमियों का समर्थन करना और कौशल विकसित करना है.

सार्वजनिक और निजी भागीदारों को एक साथ लाकर, इस पहल से नए निवेश के अवसर खुलने की उम्मीद है. साथ ही पार्कों को अधिक सक्रिय और समुदाय-केंद्रित स्थान बनाने में भी मदद मिलेगी. इसके साथ ही यह दुबई की अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply