Viral

लाठी-डंडों और बेसबॉल बैट से यूसुफ पठान के ससुर समेत कई रिश्तेदारों ने एक शख्स और परिवार को पीटा

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद यूसुफ पठान के ससुर को सोमवार को उनके बेटे और एक अन्य रिश्तेदार के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि दो दिन पहले भायखला इलाके में एक व्यक्ति और उसके परिवार पर हमला किया, जब उस व्यक्ति की कार सड़क पर बने गड्ढे से गुजरते समय पानी उछलकर उनमें से एक पर चला गया।

लाठी-डंडों और बेसबॉल बैट से यूसुफ पठान के ससुर समेत कई रिश्तेदारों ने एक शख्स और परिवार को पीटा
लाठी-डंडों और बेसबॉल बैट से यूसुफ पठान के ससुर समेत कई रिश्तेदारों ने एक शख्स और परिवार को पीटा

भायखला पुलिस के अनुसार, स्थानीय निवासी यूसुफ खान शनिवार रात करीब 9 बजे घर लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी से पानी उछलकर शोएब खान पर जा गिरा। यूसुफ खान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गाड़ी रोककर तुरंत माफी मांगी, लेकिन शोएब ने गाली-गलौज शुरू कर दी और बांस की लकड़ी से कार का विंडशील्ड तोड़ दिया। इसके बाद शोएब ने यूसुफ खान पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

घर लौटने के बाद यूसुफ खान के परिवार वालों ने पुलिस के पास जाने की सलाह दी। पुलिस स्टेशन जाते समय रास्ते में उनकी मुलाकात खालिद खान (यूसुफ पठान के ससुर) से हुई, जिन्होंने अपने बेटे उमरशाद खान , शोएब और एक अन्य आरोपी शहबाज पठान के साथ मिलकर बहस शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, खालिद, उमरशाद, शोएब और शहबाज ने बांस की लाठियों और बेसबॉल बैट से यूसुफ खान और उनके रिश्तेदारों पर हमला किया। इस हमले में यूसुफ खान के साले सलमान का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि उनके चाचा जाकी अहमद को गंभीर चोटें आईं।

शहबाज फरार है, जबकि अन्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन तीनों पर हमला करने और गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

उमरशाद खान ने भी उन्हीं यात्रियों के खिलाफ उसी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है, जहां से उन्हें और उनके पिता को गिरफ्तार किया गया। अभी तक उमरशाद की शिकायत पर कोई गिरफ्तारी नही हुई है।

Leave a Reply