ईरान और अमेरिका के बीच पूर्ण युद्ध विराम के लिए 4 पहिए एक साथ घूम रहे हैं. एक तरफ पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर तेहरान में शर्तों को लेकर बैठक कर रहे हैं. दूसरी तरफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मिस्र, सऊदी और कतर के साथ मध्यस्थता को लेकर प्रस्ताव बना रहे हैं. तीसरा फ्रंट टेक्निकल टीमों के बीच की बातचीत है. दरअसल, संवर्धित यूरेनियम को पतला करने के लिए की तकनीकी टीमें बातचीत कर रही हैं.

यूरोपीय देश भी युद्ध विराम कराने के लिए सक्रिय हैं. फ्रांस में 40 देशों की एक मीटिंग हो सकती है. इसमें होर्मुज को कैसे खोला जाए, इस पर चर्चा हो सकती है. युद्ध विराम को लेकर इन 4 पहियों के एक साथ घूमने के बीच सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ईरान और अमेरिका के बीच पूर्ण युद्ध विराम कब होगा?
कब तक होगा पूर्ण युद्ध विराम, 3 रिपोर्ट्स
1. ब्लूमबर्ग ने यूरोप, अरब और मिडिल ईस्ट के राजनयिकों के हवाले से एक रिपोर्ट की है. इन अधिकारियों का कहना है कि जंग को पूरी तरह से खत्म होने में 6 महीने का वक्त लग सकता है. इन राजनयिकों ने होर्मुज को तुरंत चालू करने के प्लान पर काम करने की बात कही है. फ्रांस में होर्मुज नाकाबंदी को खत्म करने के लिए 40 देशों की एक मीटिंग प्रस्तावित है. इस मीटिंग में यह प्रस्ताव तैयार किया जाएगा कि कैसे होर्मुज का रास्ता आसानी से खोला जाए.
2. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि युद्ध जल्द खत्म हो सकता है. ट्रंप ने कहा कि युद्ध खत्म करने को लेकर जो बातचीत चल रही है, वो काफी आगे बढ़ गई है. हमें इसके जल्द ही खत्म होने की उम्मीद है. ट्रंप ने आगे कहा कि अगर यह युद्ध खत्म होता है तो मैं इस्लामाबाद जा सकता हूं. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक इस्लामाबाद में समझौते पर हस्ताक्षर के लिए ट्रंप और उनके ईरानी समकक्ष मसूद पजेश्कियान शामिल हो सकते हैं.
3. पॉलिमार्केट की रिपोर्ट भी आई है. इसमें शामिल 70 प्रतिशत सटेरियों ने 30 अप्रैल तक पूर्ण युद्ध विराम को लेकर सट्टा लगाया है. इन सटेरियों का कहना है कि 30 अप्रैल तक पूर्ण रूप से युद्ध विराम हो सकता है. ईरान पर हमले को लेकर भी पॉलिमार्केट की रिपोर्ट सही साबित हुई थी.





